रिपोर्टर रोहित वर्मा
लोकेशन खरोरा
*शासकीय हाई स्कूल ईल्दा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया संविधान दिवस*
खरोरा। शासकीय हाई स्कूल ईल्दा में 26 नवंबर को संविधान दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्या श्रीमती चांदनी यदुवंशी के नेतृत्व में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्या श्रीमती चांदनी यदुवंशी द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना (उद्देशिका) के वाचन से हुई। इसके पश्चात विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया तथा संविधान में निहित मूल्यों एवं आदर्शों के प्रति निष्ठा रखने की शपथ ली।
इस अवसर पर प्राचार्या श्रीमती चांदनी यदुवंशी ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, नागरिकों के मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संविधान हमारे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। प्रत्येक नागरिक को संविधान का सम्मान करते हुए अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों में संवैधानिक जागरूकता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करने के उद्देश्य से निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी (क्विज) एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने सुंदर एवं आकर्षक पेंटिंग बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने संविधान से संबंधित अपने ज्ञान एवं समझ का परिचय दिया।
सभी प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्या एवं, समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संविधान के प्रति सम्मान, संवैधानिक जागरूकता तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करना रहा।