रिपोर्टर रोहित वर्मा
लोकेशन खरोरा
*खरोरा में धूमधाम से मनाया गया गौरा-गौरी उत्सव, पारंपरिक शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब**
खरोरा। छत्तीसगढ़ की प्राचीन लोक परंपरा और आस्था के प्रतीक गौरा-गौरी उत्सव को खरोरा नगर में हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आदिवासी समाज द्वारा विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार भगवान शिव और माता पार्वती के प्रतीक गौरा-गौरी की पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात भव्य शोभायात्रा निकालकर नगर भ्रमण कराया गया।
दीपावली के अवसर पर मनाया जाने वाला गौरा-गौरी पर्व छत्तीसगढ़ की सदियों पुरानी सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं में से एक है। इस पर्व में गौरा को भगवान शिव तथा गौरी को माता पार्वती का प्रतीक माना जाता है। दीपावली की रात से शुरू होने वाले इस उत्सव में परंपरानुसार गौरा-गौरी का विवाह संपन्न कराया जाता है। इस आयोजन में सभी जाति एवं समुदाय के लोग श्रद्धा और उत्साह के साथ शामिल होते हैं।
खरोरा में निकाली गई शोभायात्रा में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर तथा गौरा-गौरी को लेकर पारंपरिक रूप से शामिल हुईं। वहीं आदिवासी युवक-युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षक लोकनृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। पारंपरिक वाद्य यंत्रों, लोकगीतों और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरा नगर उत्सवमय हो उठा।
इस दौरान हाथों पर सोंटा खाने की पारंपरिक रस्म का भी निर्वहन किया गया। ऐसी मान्यता है कि गौरा-गौरी की पूजा के दौरान सोंटा खाने से जीवन के दुख-दर्द एवं परेशानियां दूर होती हैं और सुख-समृद्धि प्राप्त होती है।
शोभायात्रा के दौरान नगरवासियों ने जगह-जगह गौरा-गौरी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं शांति की कामना की। पूजा-अर्चना एवं नगर भ्रमण के पश्चात विधि-विधान से विसर्जन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोगों सहित नगरवासी उपस्थित रहे।
गौरा-गौरी उत्सव ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, सामाजिक एकता और पारंपरिक विरासत की सुंदर झलक प्रस्तुत की।