*शिक्षण गुणवत्ता सुधारने के लिए संकुल पचरी में प्रधान पाठकों की आवश्यक बैठक संपन्न,विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, एफएलएन लक्ष्य की प्राप्ति एवं विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया गया जोर*
*शिक्षण गुणवत्ता सुधारने के लिए संकुल पचरी में प्रधान पाठकों की आवश्यक बैठक संपन्न,विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, एफएलएन लक्ष्य की प्राप्ति एवं विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया गया जोर*
संकुल केंद्र पचरी में शिक्षण गुणवत्ता की समीक्षा एवं शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संकुल प्राचार्य अशोक कुमार कोशले एवं संकुल समन्वयक कांत कुमार के नेतृत्व में प्रधान पाठकों की आवश्यक बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति प्रतिशत में सुधार लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में निर्देशित किया गया कि सभी विद्यार्थियों को प्रतिदिन गृहकार्य एवं कक्षाकार्य देना तथा उसकी नियमित जांच करना अनिवार्य है। विद्यार्थियों में भाषा एवं गणितीय दक्षता विकसित करने के लिए प्रतिदिन पहाड़ा वाचन कराया जाए तथा कक्षावार
निर्धारित एफएलएन (बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान) स्तर के अनुरूप हिंदी एवं गणित विषय में निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। इसके साथ ही तय समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूर्ण करने, कमजोर विद्यार्थियों के लिए उपचारात्मक कक्षाओं का संचालन करने तथा विद्यार्थियों की सीखने संबंधी कठिनाइयों को दूर करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में आगामी तीन वर्षों की शाला विकास योजना तैयार करने, नए शैक्षणिक सत्र को ध्यान में रखते हुए प्रभावी कार्ययोजना बनाने तथा सभी विद्यार्थियों की अपार आईडी बनवाने के निर्देश दिए गए। पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने, विद्यार्थियों से रचनात्मक लेखन करवाने तथा निर्धारित लिंक के माध्यम से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई। इसके
अतिरिक्त विद्यालयों में पुस्तकालय का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों को सप्ताह में कम से कम तीन दिवस पुस्तकें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वीएसके (विद्या समीक्षा केंद्र) ऐप में प्रतिदिन आवश्यक जानकारी की प्रविष्टि एवं अद्यतन करने सहित अन्य विभागीय निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया। बैठक में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला छड़िया के प्रधान पाठक धीरेंद्र कुमार वर्मा, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पचरी के शिक्षक दिनेश कुमार साहू, माध्यमिक शाला कुम्हारी के शिक्षक योगेंद्र कुमार देवांगन, प्राथमिक शाला पचरी के प्रधान पाठक गिरवर प्रसाद सोनी, प्राथमिक शाला मधईपुर के प्रधान पाठक गणेश राम देवांगन, प्राथमिक शाला कुम्हारी के प्रधान पाठक मनीराम वर्मा, प्राथमिक शाला नहरडीह की प्रधान पाठक सरिता वर्मा तथा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला आलेसुर के प्रधान पाठक युधिष्ठिर बुड़ेक सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावी बनाना, विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार लाना तथा विभागीय योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना रहा।