नुआखाई जुहार शोभायात्रा एवं सम्मान समारोह में शामिल हुए सांसद विजय बघेल
दुर्ग। पटेल चौक, दुर्ग में दुर्गा उत्कल परिवार द्वारा नुआखाई जुहार शोभायात्रा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने मां समलेश्वरी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की। आयोजक दुर्गा उत्कल परिवार ने सांसद विजय बघेल का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया।
अपने उद्बोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा कि नुआखाई जुहार का पर्व अत्यंत पवित्र एवं पुण्य अवसर है। भारत की विविधता में एकता हमारी सबसे बड़ी ताकत है। देश के अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग बोली, भाषा और संस्कृति होने के बावजूद हम सभी भाईचारे और सद्भाव के साथ रहते हैं। ऐसे पावन अवसर पर शामिल होना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने मां समलेश्वरी एवं भगवान जगन्नाथ से सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में अभिषेक टंडन, सेनापति अर्जुन कुमार लंगुर, सोनी, प्रदीप छत्री, जितेंद्र टांडी सहित समाज के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।