रिपोर्टर रोहित वर्मा
लोकेशन खरोरा
*खरोरा में 1420 लोगों ने एक स्वर में गाया ‘वंदे मातरम्’, राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा विद्यालय परिसर*
*विधायक अनुज शर्मा ने कहा—‘वंदे मातरम्’ राष्ट्रीय चेतना, त्याग और राष्ट्रभक्ति का जीवंत प्रतीक**
खरोरा।
राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खरोरा में भव्य सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यालय परिसर में उपस्थित 1420 लोगों ने एक साथ ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक अनुज शर्मा ने मां सरस्वती एवं भारत माता के तैलचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ किया। इसके बाद अतिथियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं सहित उपस्थित लोगों ने अनुशासन और उत्साह के साथ राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया।
‘वंदे मातरम्’ स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा का प्रतीक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ भारतीय राष्ट्रीय चेतना, सांस्कृतिक विरासत, त्याग और राष्ट्रभक्ति का महत्वपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की रचना ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान लोगों में राष्ट्रीय भावना और देश के प्रति समर्पण की भावना को प्रेरित किया।
विधायक ने कहा कि विद्यालय परिसर में 1420 लोगों द्वारा एक स्वर में ‘वंदे मातरम्’ का गायन राष्ट्रभावना और एकता का संदेश देता है। उन्होंने विद्यालय परिवार की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में देश के प्रति जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं।
युवा पीढ़ी से राष्ट्र निर्माण में योगदान का आह्वान
अनुज शर्मा ने कहा कि देश की युवा पीढ़ी के कंधों पर राष्ट्र के भविष्य की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना दृढ़ता के साथ करने और राष्ट्रहित को सदैव प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति समर्पण और सकारात्मक सोच ही युवाओं को देश निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगी।
गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य नवीन अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक सीताराम यादव, नगर पंचायत खरोरा की अध्यक्ष सुनीता सोनी, उपाध्यक्ष सुमित सेन, नरेंद्र ठाकुर, अनिल सोनी, नोडल अधिकारी रजनी मिंज तथा विद्यालय के प्राचार्य अश्वनी पाठकर सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इसके अलावा विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, पूर्व छात्र, अभिभावक और बड़ी संख्या में नगरवासी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय चेतना एवं राष्ट्रभावना को बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। राष्ट्रगान और धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।