प्रेस विज्ञप्ति
*सेवानिवृत्ति पर प्रधान पाठक अश्वनी कुमार पटेल को भावभीनी विदाई, संकुल परिवार ने किया सम्मान*
शासकीय प्राथमिक शाला खपरीकला के प्रधान अध्यापक अश्वनी कुमार पटेल के सेवानिवृत्ति अवसर पर गरिमामय विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारीगण, संकुल परिवार खपरीकला के शिक्षक-शिक्षिकाएं, शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारी एवं ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत खपरीकला के सरपंच रामेश्वर साहू, अध्यक्षता संकुल प्राचार्य पी तिर्की,
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खपरीकला ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में उप सरपंच अल्का-राम अवतार साहू, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार साहू, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एल.डी. सिन्हा, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी एल.के. जाहिरे, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक देवेन्द्र सिंह ठाकुर, बीएनबी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार चंदानी सहित ग्रामवासी उपस्थित रहे। अतिथियों ने अश्वनी कुमार पटेल के दीर्घ शैक्षणिक सेवाकाल, कर्तव्यनिष्ठा, सरल एवं सहज व्यवहार तथा विद्यार्थियों के प्रति उनके समर्पण
की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं आनंदमय सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान अश्वनी कुमार पटेल को शाल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। संकुल परिवार एवं सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए सेवाकाल के आत्मीय संस्मरण साझा किए, जिससे समारोह का वातावरण भावुक होने के साथ-साथ सम्मान और आत्मीयता से भर गया। अपने सेवाकाल में अश्वनी कुमार पटेल ने विद्यालय एवं विद्यार्थियों के हित में निरंतर समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य किया, उनका अनुभव, मार्गदर्शन एवं सहज व्यक्तित्व विद्यालय परिवार के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। इस अवसर पर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला छड़िया के प्रधान पाठक धीरेंद्र कुमार वर्मा ने सफल एवं गरिमामय आयोजन के लिए शाला परिवार, संकुल परिवार, ग्रामवासियों एवं
शाला प्रबंधन समिति खपरीकला को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि शिक्षक का सेवाकाल भले ही सेवानिवृत्ति के साथ समाप्त होता है, लेकिन उनके द्वारा विद्यार्थियों एवं समाज के लिए किए गए कार्य और दिए गए संस्कार सदैव स्मरणीय रहते हैं। उन्होंने अश्वनी कुमार पटेल के स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल सेवानिवृत्त जीवन की मंगलकामना करते हुए उनके भावी जीवन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अंत में उपस्थित अतिथियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, संकुल परिवार एवं समस्त ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।