शासकीय नवीन महाविद्यालय गुढ़ियारी, रायपुर में दीक्षारंभ, स्टुडेंट इन्डक्शन कम ओरिएन्टेशन प्रोग्राम
शासकीय नवीन महाविद्यालय गुढ़ियारी, रायपुर में दिनांक 01, सितंबर 2026 को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत नये सत्र का दीक्षारंभ कार्यक्रम एवं स्टुडेंट इन्डक्शन कम ओरिएन्टेशन प्रोग्राम रखा गया, जिसके कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के कर्मठ विधायक माननीय श्री राजेश मूणत विशिष्ट अतिथि रायपुर नगर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे एवं शासकीय नवीन महाविद्यालय गुढ़ियारी, रायपुर के जनभागीदारी के अध्यक्ष श्री शैलेष खंडेवाल थे। मुख्य अतिथि की आसंदी से बोलते हुए माननीय श्री राजेश मूणत ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि पेपर खाली है लिखना हमें हैं जीवन को किस दिशा में हमें ले जाना है स्वयं को तय करना है। निगेटिव थॉट जीवन में आगे नहीं बढ़ने देते कौन क्या कहता है, कौन क्या बोलता है, कौन क्या सोचता है इसे सोचते रहोगे तो जिंदगी की नाव पार नहीं कर सकोगे। जीवन का ध्येय स्पष्ट होना चाहिए। मुझे क्या करना है जब तक मेरे स्वयं का विवेक नहीं कहेगा तब तक मैं उस कार्य को सही तरीके से नहीं कर सकता उन्होंने कहा कि जो मुझे करने की इच्छा है उसे करने के लिए अपनी पूरी सामर्थ्य को लगा दो। खेलने में रूचि है तो खेलो पढ़ने में रूचि है तो अपनी पसंद का विषय चुन कर उसमें आगे बढ़ो। उन्होंने कहा कि हमने देखा है मोबाइल में जो देखोगे उसी तरह का कन्टेन्ट थोड़ी-थोड़ी देर बाद आएगा। कोई एक रील देखोगे तो उसी तरह की दस रील और आ जाएगी वो आपके माइंड को पकड़ लेता है उसी तरह निगेटिव थॉट का प्रोसेस है एक बार सोचा तो वहीं निगेटिव थॉट दिमाग में बार बार चलने लगता है। हम वर्तमान में जी रहे हैं, हमें अपना भविष्य बनाना है डिग्री प्राप्त करने से भविष्य नहीं बनता। देश के अंदर 140 करोड़ लोगों में से 10 करोड लोग डिग्री ले कर चल रहे हैं डिग्री काम नहीं आती अनुभव काम आता है। थ्योरी रटते-रटते प्रैक्टिकल नहीं कर सकते प्रैक्टिकल करने के लिए स्वयं को जुझना पड़ता है। मैं देख रहा हूं आज दो तिहाई संख्या बिटियाओं की पढ़ रही है और बेटों की संख्या मोबाइल में जा रही है, चिंतनीय विषय है। उन्होंने कहा की जो भी छात्र-छात्राएं 95 प्रतिशत अच्छे नंबर से पास होंगे तो मैं उसे ई-स्कूटर गिफ्ट में दूंगा तथा जो बच्चे 90 प्रतिशत नंबर लाएंगे उन्हें 10 हजार रूपए दूंगा। उन्होंने बताया कि हमारा प्रयास है कि आपके कॉलेज के पास जो अनुपम गार्डन है उसमें सुबह दस बजे से शाम पाँच बजे तक बच्चों के पढ़ने के लिए व्यवस्था की जाएगी उस दौरान और किसी का प्रवेश गार्डन में निषिद्ध रहेगा।
इससे पहले सभा को संबोधित करते हुए रायपुर नगर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि आपके हंसते-खिलखिलाते चेहरे देख कर हमें भी अपने कॉलेज के दिन याद आ गए। उन्होंने कहा कि जब से राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 आयी है तब से इस तरह का दीक्षारंभ कार्यक्रम आरंभ हुआ है। हमारे समय में जनप्रतिनिधियों से मिलने का ऐसा सुअवसर हमें नहीं मिल पाता था। आप लोग बड़े खुशनसीब हैं आज आपके पास बहुत सी सुविधाएं हैं आपके पास ज्ञान की उपलब्धता प्रचुरता में है हमारे जमाने में ज्ञानार्जन प्राप्त करने के लिए बहुत मेहनत करना पढ़ता था। उन्होंने बताया कि आप नये भारत में जी रहे हैं आप खुली हवा में सांस ले रहे हैं आप कश्मीर से धारा 370 समाप्त हुआ देख रहे हैं हमने धारा के समाप्त होने के संघर्ष को देखा है। शिक्षा को सिर्फ किताबों तक सीमित न रखें कॉलेज में जो भी एक्स्ट्रा एक्टिविटिज़ हैं उसमें आप भाग लीजिए जो भी भाषण प्रतियोगिता होती है उसमें आप भाग लीजिए। मैं सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेती थी जिसका लाभ मुझे आज मिल रहा है। आप जितना प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे उतना अपके व्यक्तित्व का विकास होगा। उन्होंने छात्रों को सलाह देते हुए कहा की ज़िन्दगी में गुस्सा कम करना, मोबाइल से दूरी बनाना रील देखने में समय मत खोना।
इससे पूर्व महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मधुलिका अग्रवाल ने महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों के पश्चात् भी महाविद्यालय ने एक इन्टरनेशनल वर्कशॉप तथा एक सेमीनार आयोजित करवाया। महाविद्यालय का पाँच महाविद्यालयों के साथ एम ओ यु है। महाविद्यालय में रैगिंग जैसी कुरीति के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने महाविद्यालय में जनभागीदारी समिति के गठन के लिए किए गए प्रयत्न के लिए विधायक महोदय का धन्यवाद अदा किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्रों के मध्य हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं तथा स्वयं पोर्टल में कोर्स कर क्रेडिट अर्जित करने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार वितरित किए गए। इस अवसर पर महाविद्यालय के जन भागीदारी समिति के समस्त सदस्य श्री अब्दुल समद, श्री प्रदीप जैन, श्री विपुल भट्ट, श्री थानेश्वर पाण्डे, डॉ. जीवन लाल साहू, श्री प्रकाश ठाकुर, श्री राजू मार्कण्डेय श्री जगदीश कुमार ध्रुव श्रीमती सरोज अग्रवाल एवं कोटा क्षेत्र के पार्षद श्री अमन ठाकुर एवं समस्त प्राध्यापकगण डॉ. वंदना कुमार, डॉ. आशा दुबे, डॉ. राजवंश कोहली, डॉ. स्मिता बर्गे, श्री पदमेश नाग, श्री लोकेश सतपथी डॉ. शुभ्रा वर्मा, डॉ. कुसुम चंद्राकर, श्रीमती मधु उर्वशा, कु. नीतू सिंह एवं महाविद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शुभ्रा मिश्रा एवं. राजवंश कौर कोहली ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. स्मिता बर्गे ने किया।