प्रेस विज्ञप्ति
*बाल संसद की कैबिनेट मीटिंग में विद्यालय विकास और स्वच्छता अभियान की बनी कार्ययोजना*
शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला छड़िया में बाल संसद द्वारा कैबिनेट मीटिंग का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के विकास, स्वच्छता, शिक्षण व्यवस्था एवं विद्यार्थियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर आगामी कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में बाल संसद के नेतृत्व में विद्यालय द्वारा ग्राम भ्रमण कर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत तालाब एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों की साफ-
सफाई की जाएगी। वहीं आगामी सोमवार को एनजीओ के सहयोग से विद्यालय में आयोजित होने वाले शिक्षक दिवस कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं पर भी महत्वपूर्ण चर्चा की गई। इसके अलावा विद्यालय परिसर की स्वच्छता, बेहतर शिक्षण व्यवस्था तथा मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता सहित अन्य विषयों की समीक्षा की गई। इस अवसर पर
प्रधान पाठक धीरेंद्र कुमार वर्मा, शिक्षक तारकेश्वर कुमार धीवर, भारती तांती एवं एनजीओ कार्यकर्ता चंद्रिका कोशले उपस्थित रहे। प्रधान पाठक धीरेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि बाल संसद विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और निर्णय लेने का आत्मविश्वास विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। बच्चों को विद्यालय और समाज की जिम्मेदारियों से जोड़कर उनमें स्वच्छता, अनुशासन एवं सेवा की भावना विकसित की जा रही है। बाल संसद की सक्रिय भागीदारी से विद्यालय की व्यवस्थाओं में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने की सीख भी मिलेगी।