मानव सेवा ही सच्ची माधव सेवा, रक्तदान से बचती हैं अनमोल जिंदगियां : सांसद विजय बघेल
मानव सेवा माधव सेवा हेल्पिंग क्लब फाउंडेशन के रक्तदान महाकुंभ में 76 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान, शुभांगी शर्मा को मिला 'छत्तीसगढ़ रत्न सम्मान'
रायपुर। मानव सेवा माधव सेवा हेल्पिंग क्लब फाउंडेशन द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल, रायपुर में विशाल रक्तदान महाकुंभ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रशांत खेडिया, ट्रैफिक पुलिस अधिकारी संजय शर्मा, अंकित अग्रवाल, मनोज गोयल, विन्नी सलूजा, जितेंद्र शर्मा सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे
कार्यक्रम में कुल 76 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। रक्तदाताओं को सांसद श्री विजय बघेल ने प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वहीं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए शुभांगी शर्मा को "छत्तीसगढ़ रत्न सम्मान" से सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में डॉ. प्रशांत खेडिया ने कहा कि समाज द्वारा मिलने वाला सम्मान उन्हें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने रक्तदान जैसे पुनीत कार्य को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए नया जीवन बन सकता है।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारी संजय शर्मा ने कहा कि हेल्पिंग क्लब फाउंडेशन का सदस्य होने के नाते उन्हें इस सेवा अभियान का हिस्सा बनने पर गर्व है। उन्होंने कहा कि देश में हर कुछ मिनट में सड़क दुर्घटनाओं में लोग गंभीर रूप से घायल होते हैं। यदि समय पर रक्त उपलब्ध हो जाए तो अनेक बहुमूल्य जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। उन्होंने संस्था द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए सभी रक्तदाताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि सांसद श्री विजय बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि मानव सेवा ही सच्ची माधव सेवा है। रक्तदान करने वाला व्यक्ति किसी अनजान जरूरतमंद के लिए भगवान का दूत बन जाता है। उन्होंने कहा कि समाज में तीन प्रकार के लोग होते हैं—एक जीवन लेने वाले, दूसरे केवल अपने लिए जीने वाले और तीसरे जीवन बचाने वाले। रक्तदाता तीसरी श्रेणी में आते हैं, जो अपने रक्त के माध्यम से किसी को नया जीवन प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि कई ऐसे कार्य होते हैं जिन्हें केवल शासन-प्रशासन के भरोसे पूरा नहीं किया जा सकता, बल्कि समाज की सहभागिता आवश्यक होती है। हेल्पिंग क्लब फाउंडेशन इसी भावना के साथ निरंतर सेवा कर रहा है। कोविड-19 महामारी के कठिन समय को याद करते हुए सांसद ने कहा कि जब लोग संक्रमित मरीजों से दूरी बना रहे थे, तब इस संस्था के स्वयंसेवक आगे बढ़कर मानवता की सेवा कर रहे थे। यह सेवा सदैव प्रेरणादायी रहेगी।
सांसद श्री विजय बघेल ने बताया कि वे महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ मोल्दोवा, उत्तर मैसेडोनिया एवं रोमानिया की राजकीय यात्रा से एक दिन पूर्व ही लौटे हैं। उन्होंने कहा कि विदेश यात्रा के दौरान भी भारत की सेवा, संस्कृति और मानवीय मूल्यों की चर्चा हुई, वहीं अपने प्रदेश लौटते ही रक्तदान जैसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें विशेष संतोष की अनुभूति हो रही है।
कार्यक्रम के अंत में हेल्पिंग क्लब फाउंडेशन ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार जनसेवा के अभियान निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।