बेमेतरा:-संडी में 1.05 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन, शिक्षकों की मांग पर विधायक दीपेश साहू ने की बालिका शौचालय की घोषणा
बेमेतरा:-संडी में 1.05 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन, शिक्षकों की मांग पर विधायक दीपेश साहू ने की बालिका शौचालय की घोषणा
मेघू राणा बेमेतरा। बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत संडी में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न निर्माण कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू अपनी धर्मपत्नी तरुणा साहू के साथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलराम पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत संडी में करीब 1 करोड़ 5 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया गया।
कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं ने छत्तीसगढ़िया एवं आदिवासी गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया। विधायक दीपेश साहू एवं अन्य अतिथियों ने थाली बजाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें सम्मान राशि भेंट कर प्रोत्साहित किया।
स्वास्थ्य, सड़क और सामुदायिक सुविधाओं से जुड़े कार्य
ग्राम संडी में स्वीकृत विकास कार्यों में 28 लाख रुपए की लागत से उप स्वास्थ्य केंद्र, 10 लाख रुपए से सामुदायिक भवन, 10 लाख रुपए से सीसी रोड, 5 लाख रुपए से साहड़ा देव चौक सीसी रोड, 5 लाख रुपए से मुख्य मार्ग से आसाराम साहू के घर तक सीसी रोड तथा 5 लाख रुपए से मुख्य मार्ग से ईश्वर साहू के घर तक सीसी रोड निर्माण शामिल है।
इसके अलावा 5 लाख रुपए की लागत से मिडिल स्कूल में साइकिल स्टैंड, 5 लाख रुपए से साहड़ा देव चौक के लिए स्टेट हाईमास्ट लाइट, 3-3 लाख रुपए से शासकीय मिडिल स्कूल एवं महादेव मंदिर के पास बोर खनन, 3.50 लाख रुपए से बजरंगबली मंदिर चैतू के घर पास नवधा मंच, 1 लाख रुपए से स्कूल के लिए वाटर फिल्टर, 1 लाख रुपए से सिद्धि माता मंदिर में वाटर फिल्टर, 15 लाख रुपए से नवधा मंच पर डोम निर्माण तथा 5 लाख रुपए की लागत से वेटिंग चेयर सहित विभिन्न विकास कार्य शामिल हैं।
गांवों का विकास सरकार की प्राथमिकता : विधायक साहू
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और अधोसंरचना का विकास उनकी प्राथमिकता है। सरकार गांवों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और सामुदायिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। संडी में स्वीकृत विकास कार्यों से ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और गांव के विकास को नई गति मिलेगी।
विधायक ने कहा कि शिक्षा और बच्चों की सुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान स्कूली शिक्षकों ने विद्यालय में बालिकाओं के लिए शौचालय की आवश्यकता बताई। इस पर विधायक दीपेश साहू ने विद्यालय में बालिका शौचालय निर्माण की घोषणा की।
उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्र-छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, परंपरा और लोकगीतों को आगे बढ़ाने में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है। बच्चों की प्रतिभा को मंच और प्रोत्साहन देने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है।
सरपंच सेवाराम साहू ने जताया आभार
ग्राम पंचायत संडी के सरपंच सेवाराम साहू ने कार्यक्रम में उपस्थित विधायक दीपेश साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलराम पटेल, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्राम संडी में एक साथ बड़ी संख्या में विकास कार्यों की सौगात मिलने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
उन्होंने कहा कि गांव की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाने और ग्रामीणों की मांगों को प्राथमिकता देने के लिए विधायक दीपेश साहू का ग्रामवासियों की ओर से आभार है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने से गांव में स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, शिक्षा और सामुदायिक सुविधाओं में और मजबूती आएगी।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में नूतन निषाद जनपद सदस्य, संजीव तिवारी, बीसन साहू सोसायटी अध्यक्ष, लीलाराम साहू, सेवाराम साहू मंडल अध्यक्ष एवं सरपंच संडी, यशवंत निषाद जनपद सदस्य, नागेंद्र वर्मा, जनपद सदस्य नीरज सिंह राजपूत, नलेश साहू, हेमंत साहू, सुखेंद्र यादव, संजय यदु, बंटी साहू, तखत साहू, काशीराम साहू, नेतराम साहू, उत्तम साहू, गणेश साहू, ईश्वर साहू, भारत लाल साहू, निर्मला साहू, सरस्वती साहू, रेखा साहू, दुर्गा साहू, सीता साहू, सुभद्रा डैडे, सरिता साहू, कोमल नौरंगे, मनीष देवांगन, रोहित साहू, अरुण साहू, कसा साहू, नोकराम साहू सहित पंचगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।