बेमेतरा:-छ ग़ मानस के क्षेत्र में अनूठी ऐतिहासिक उपलब्धि
मेघू राणा बेमेतरा।इंडियन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुई मानस दर्शन की ऐतिहासिक उपलब्धि, श्री दीपक गुहा को राज्य अलंकरण, दाऊ मंदराजी सम्मान एवं पद्म श्री हेतु अनुशंसा की मांग
बेमेतरा। भारतीय संस्कृति, सनातन सभ्यता एवं श्रीरामचरितमानस के प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित मानस दर्शन जीवन अर्पण, छत्तीसगढ़ ने इंडियन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त की है। इस गौरवपूर्ण सफलता पर प्रदेशभर के मानस प्रेमियों एवं सांस्कृतिक संगठनों में हर्ष का वातावरण है।
माँ भद्रकाली जिला मानस संघ, बेमेतरा के जिला अध्यक्ष एवं मानस दर्शन के संयोजक डी. एल. सिंहा (अर्पण) ने कहा कि आदरणीय श्री दीपक गुहा जी ने कोरोना काल से लेकर आज तक ऑनलाइन माध्यम से भारतीय संस्कृति, सनातन सभ्यता, श्रीरामचरितमानस, आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक जागरूकता एवं सांस्कृतिक जनजागरण का जो अभिनव अभियान संचालित किया है, वह आज देश-विदेश के लाखों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बन चुका है। उनके नेतृत्व में हजारों ऑनलाइन कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं आध्यात्मिक चेतना का व्यापक प्रचार-प्रसार हुआ है।
उन्होंने कहा कि इंडियन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज यह उपलब्धि श्री दीपक गुहा जी के दूरदर्शी नेतृत्व, समर्पण, संगठन क्षमता एवं वर्षों की सतत साधना का प्रतिफल है। यह उपलब्धि केवल मानस दर्शन जीवन अर्पण की ही नहीं, बल्कि संपूर्ण छत्तीसगढ़ और सनातन संस्कृति के लिए गौरव का विषय है।
इस अवसर पर डी. एल. सिंहा (अर्पण) ने छत्तीसगढ़ शासन से मांग की है कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा, आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक एवं सांस्कृतिक जनजागरण के क्षेत्र में श्री दीपक गुहा जी के अतुलनीय योगदान को देखते हुए उन्हें छत्तीसगढ़ शासन के राज्य अलंकरण एवं प्रतिष्ठित "दाऊ मंदराजी सम्मान" से सम्मानित किया जाए। साथ ही, उन्होंने आग्रह किया कि छत्तीसगढ़ शासन भारत सरकार को श्री दीपक गुहा जी के नाम की अनुशंसा "पद्म श्री" सम्मान के लिए भी करे, ताकि उनके राष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक योगदान का समुचित सम्मान हो सके।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ शासन भारतीय संस्कृति एवं सनातन मूल्यों के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार में उत्कृष्ट योगदान देने वाले ऐसे समर्पित व्यक्तित्व का सम्मान कर प्रदेश का गौरव बढ़ाएगा।