*शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला छड़िया में आयोजित किया गया सुरक्षित शनिवार कार्यक्रमबाढ़ के कारण, खतरे एवं बचाव के उपायों की दी गई जानकारी*
रिपोर्टर रोहित वर्मा
खरोरा
*शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला छड़िया में आयोजित किया गया सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम
बाढ़ के कारण, खतरे एवं बचाव के उपायों की दी गई जानकारी*
खरोरा
विकासखंड तिल्दा-नेवरा के संकुल केंद्र पचरी अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला छड़िया में बस्ता विहीन शनिवार के अंतर्गत सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को बाढ़ के कारण, उससे होने वाले खतरे तथा बचाव के प्रभावी उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा विपरीत परिस्थितियों में सुरक्षित रहने की समझ बढ़ाना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि अत्यधिक वर्षा, नदियों का जलस्तर बढ़ना, जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होना तथा बांधों से अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने जैसी परिस्थितियों के कारण बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। बाढ़ के दौरान तेज बहाव वाले पानी में प्रवेश न करने, बिजली के खंभों एवं टूटे हुए विद्युत तारों से दूर रहने, सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर शरण लेने, प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने तथा आवश्यक सामग्री पहले से तैयार रखने की जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों को यह भी प्रेरित किया गया कि वे आपदा के समय घबराने के बजाय संयम एवं सतर्कता का परिचय दें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी सुरक्षा संबंधी उपायों के प्रति जागरूक करें। विद्यालय के प्रधान पाठक धीरेंद्र कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपदा से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम जागरूकता और समय पर बरती गई सावधानी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी यदि सुरक्षा संबंधी जानकारी स्वयं अपनाए और अपने परिवार तक पहुँचाए, तो अनेक दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से हमेशा सतर्क रहने, प्रशासन की सलाह का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में धैर्य बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के सहयोगी शिक्षक तारकेश्वर कुमार धीवर, संगम कुमार मन्नाडे एवं भारती तांती का सक्रिय सहयोग सराहनीय रहा। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए बाढ़ से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।