*'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' विधेयक से विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को मिलेगी मजबूती – डॉ. प्रतीक उमरे*
दुर्ग नगर निगम के पूर्व एल्डरमैन भाजपा नेता डॉ. प्रतीक उमरे ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य मंत्रिपरिषद द्वारा छत्तीसगढ़ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस (विनियमन-मुक्त एवं सुविधा) विधेयक के प्रारूप को मंजूरी दिए जाने का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया है।डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा कि राज्य सरकार का यह निर्णय छत्तीसगढ़ को निवेश, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला साबित होगा।उन्होंने कहा कि लंबे समय से उद्योग एवं व्यापार जगत ऐसी व्यवस्था की मांग कर रहा था,जिसमें अनावश्यक विभागीय प्रक्रियाएं कम हों,अनुमति प्राप्त करने में पारदर्शिता हो तथा उद्यमियों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।नया विधेयक इन अपेक्षाओं को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार "सुशासन, पारदर्शिता और निवेश अनुकूल वातावरण" की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक के माध्यम से उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया अधिक सरल,डिजिटल एवं जवाबदेह बनेगी।इससे छोटे,मध्यम एवं बड़े उद्योगों को समान रूप से लाभ मिलेगा तथा नए निवेशकों का विश्वास भी प्रदेश में बढ़ेगा।डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था के अंतर्गत विभिन्न विभागों की स्वीकृतियों को सरल बनाना,स्व-प्रमाणीकरण, तृतीय पक्ष सत्यापन,जोखिम आधारित निरीक्षण तथा अनावश्यक प्रक्रियात्मक बाधाओं को समाप्त करने जैसे प्रावधान व्यापार करने में सुगमता लाएंगे।इससे उद्योगों की स्थापना में लगने वाला समय कम होगा और उद्यमियों की लागत भी घटेगी।छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों,कृषि,खनिज संपदा और मानव संसाधन की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध राज्य है।यदि उद्योगों को अनुकूल वातावरण मिलेगा तो स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।इससे ग्रामीण क्षेत्रों में भी आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और प्रदेश के संतुलित विकास को गति मिलेगी।