*ठगड़ा बांध सहित कई मुद्दों पर लगातार मुखर रहे डॉ. प्रतीक उमरे, निगम आयुक्त का तबादला*
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा दुर्ग नगर निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल का तबादला कर उन्हें राज्य शहरी विकास अभिकरण का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किए जाने को लेकर भाजपा नेता एवं दुर्ग नगर निगम के पूर्व एल्डरमैन डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा कि यह निर्णय प्रशासनिक व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।उन्होंने कहा कि वे पिछले कई महीनों से नगर निगम में व्याप्त अनियमितताओं, ठगड़ा बांध सौंदर्यीकरण कार्य में कथित भ्रष्टाचार,अवैध वसूली तथा प्रशासनिक लापरवाही के मुद्दे को लगातार उठाते रहे हैं।उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आयुक्त को पद से हटाने तथा पूरे मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराने की मांग की थी।उन्होंने ठगड़ा बांध परियोजना में करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्न उठाए थे तथा आरोप लगाया था कि परियोजना से जुड़े मामलों में पारदर्शिता का अभाव रहा है।डॉ.प्रतीक उमरे ने ठगड़ा बांध के निर्माण कार्य,अवैध खनन,अवैध वसूली तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए थे।इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन द्वारा संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई।डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं,बल्कि जनता के पैसे का सही उपयोग सुनिश्चित करना और नगर निगम में पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन स्थापित करना है।उन्होंने कहा कि यदि समय रहते शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई होती तो दुर्ग की जनता को बार-बार आवाज उठाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।उन्होंने यह भी कहा कि आयुक्त के तबादले के बाद अब राज्य सरकार को ठगड़ा बांध सौंदर्यीकरण,कथित अवैध वसूली,निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा वित्तीय अनियमितताओं की स्वतंत्र एवं उच्च स्तरीय जांच करानी चाहिए।यदि जांच में किसी अधिकारी,ठेकेदार या अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उनके विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा कि दुर्ग की जनता पारदर्शी,ईमानदार और जवाबदेह प्रशासन चाहती है।दुर्ग के समग्र विकास,गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्यों और जनहित की रक्षा के लिए प्रशासनिक सुधार आवश्यक हैं।सरकार को अब ऐसे आयुक्त की नियुक्ति करनी चाहिए जो पारदर्शिता,संवेदनशीलता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करें,ताकि नगर निगम में जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।