अभाविप ने 78वाँ स्थापना दिवस मनाया, भारत माता की प्रतिमा की स्वच्छता कर की सामूहिक आरती
बालोद, 09 जुलाई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर बालोद जिला बस स्टैंड स्थित भारत माता की प्रतिमा के समक्ष स्वच्छता अभियान, पुष्पांजलि एवं सामूहिक आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा एवं परिसर की साफ-सफाई कर राष्ट्र सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि अभाविप केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र चेतना का सशक्त आंदोलन है। स्थापना के 78 वर्षों में परिषद ने "ज्ञान, शील, एकता" के आदर्श को आत्मसात करते हुए लाखों विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता, चरित्र निर्माण, सामाजिक समरसता एवं सेवा भाव के संस्कार विकसित किए हैं। परिषद आज भी शिक्षा, समाज और राष्ट्रहित के विविध आयामों पर निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही है।
वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में प्राप्त संस्कार ही भविष्य के सशक्त समाज और सक्षम राष्ट्र की नींव रखते हैं। अभाविप का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निरंतर कार्यरत है। स्थापना दिवस केवल संगठन का उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का पुनः स्मरण कर उन्हें निभाने का संकल्प लेने का अवसर भी है।
उक्त कार्यक्रम में प्रांत सहमंत्री (छत्तीसगढ़) मनीषा राणा, जिला संयोजक दीपेश साहू, नगर मंत्री सान सोनी, नगर सहमंत्री मयंक साहू (मान्या), मीडिया प्रभारी सुजल खन्ना सहित यश राजपूत, लक्ष्य चौधरी, आशुतोष कौशिक, अंश योगी, ॐ अरोड़ा, जितेश सोनी, दीपेश कुमार साहू, लुमेश साहू, आकाश श्रीवास्तव, रुद्र यादव, कीर्तन साहू, बॉबी देशमुख एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।