*सक्षम स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह में दिव्यांग प्रतिभाओं और समाजसेवियों का हुआ सम्मान*
सारंगढ़। सक्षम–समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल, जिला इकाई सारंगढ़-बिलाईगढ़ के तत्वावधान में प्रांजल दिव्यांग विद्यालय, सारंगढ़ में सक्षम स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत सारंगढ़ के उपाध्यक्ष श्री रामनाथ सिदार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा विभाग के संचालक श्री आर.पी. जांगड़े ने की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में सर्प मित्र श्री तुलाराम सोनवानी, प्रांजल दिव्यांग विद्यालय की संचालिका श्रीमती हीरादेवी निराला एवं सक्षम जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ की जिला संयोजक श्रीमती सरिता सिदार उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का तिलक लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। प्रांजल दिव्यांग विद्यालय के दिव्यांग बच्चों प्राची अनंत, नेहा पटेल, परी मानिकपुरी, नूतन निषाद एवं नताशा निषाद द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत एवं नृत्य ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया।
वहीं जिला स्तरीय संगीत प्रतियोगिता के विजेता रोहित खर्रा एवं कु. पूनम महंत सहित अन्य कलाकारों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में समां बांध दिया।
समाज में दिव्यांगजनों के उत्थान एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले योगेश कुमार डनसेना, नैना साहनी, छाया साहू, स्थेर भगत, दिनेश कुमार मिरी, दीपिका सिदार, सीमा पाण्डे, अजित कुमार पटेल, डालिमा सिदार, पदुम सिदार, गणेश राम, प्रशंसा सिंह एवं अशोक निराला सहित प्रांजल दिव्यांग विद्यालय के शिक्षक जीतराम निराला, किशन पटेल, प्रांजल निराला एवं रूपकला महंत को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में कक्षा पांचवीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले दिव्यांग विद्यार्थियों दुर्गा यादव, देहुति मानिकपुरी, दुर्गेश वर्मा, नोहरसाय सिदार, सनाउ, लकी रात्रे एवं वली रात्रे तथा कक्षा दसवीं की छात्राओं पूजा साहू, मीनाक्षी पटेल, रश्मि साहू एवं पूनम महंत तथा पंकज चौहान को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सक्षम के कला आयाम प्रमुख श्रीमती छाया डडसेना ने संगठन के स्थापना उद्देश्य एवं दिव्यांगता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। वहीं धीमही प्रकोष्ठ की प्रांत प्रमुख श्रीमती ज्योति सर्राफ ने सक्षम के विभिन्न आयामों एवं प्रकोष्ठों की विस्तृत जानकारी उपस्थित लोगों को दी।
मुख्य अतिथि श्री रामनाथ सिदार ने अपने उद्बोधन में कहा कि दिव्यांगता के क्षेत्र में कार्य करने वाले शिक्षक, समाजसेवी एवं कार्यकर्ता अपनी सहनशीलता, सेवा भावना और समर्पण के माध्यम से दिव्यांग बच्चों को समाज में विशेष स्थान दिलाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी के कार्यों की सराहना करते हुए दिव्यांग बच्चों की सेवा एवं उनकी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए यथासंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री आर.पी. जांगड़े ने समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग एवं शासन-प्रशासन द्वारा दिव्यांगजनों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा सभी सम्मानित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रदान कीं। प्रांजल दिव्यांग विद्यालय की संचालिका श्रीमती हीरा निराला ने विद्यालय के कार्यों, दिव्यांग बच्चों के प्रवेश एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उपस्थित अतिथियों द्वारा दिब्यांग विद्यालय के बच्चों को पेन और कॉपी प्रदान् किया गया।
सक्षम जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ की जिला संयोजक श्रीमती सरिता सिदार ने सक्षम की विगत वर्षों की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि सक्षम टीम द्वारा दिव्यांग बच्चों के विद्यालय में कूलर, कॉपी-किताब सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई है। शासन-प्रशासन द्वारा संचालित दिव्यांगजन कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने में भी सहयोग प्रदान किया गया। इसके साथ ही सक्षम कार्यकर्ताओं द्वारा दिव्यांग बच्चों को संगीत, कला, आर्ट एवं क्राफ्ट का प्रशिक्षण देने में विशेष सहयोग किया गया।
उन्होंने बताया कि सक्षम महिला प्रकोष्ठ की पांच पदाधिकारियों को विगत दिनों रायपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय महिला सम्मान कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या देवी साय के हाथों सम्मानित किया गया था।
कार्यक्रम का संचालन सक्षम जिला प्रभारी एवं प्रांतीय प्राणदा प्रकोष्ठ प्रमुख श्री लोकनाथ सेन ने किया। उन्होंने सक्षम जिला इकाई के सभी सदस्यों—श्रीमती सरिता सिदार, डालिमा सिदार, पंकज दुबे, स्थेर भगत, गणेश राम, जया भगत, संतोषी पैकरा, राजीव लोचन दुबे, अनीता उरांव, वीणा पटेल, प्रशंसा सिंह, आयलिन मिन्ज, पदुम सिदार, छाया साहू, सरोजनी साहू, सीमा पाण्डे, हीरा देवी निराला, नैना साहनी, दिनेश मिरी सहित समस्त कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम की सफलता के लिए बधाई एवं धन्यवाद दिया। उन्होंने आगामी समय में जिले में सक्षम की मजबूत एवं संगठित कार्यकारिणी के विस्तार और संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए योजनाबद्ध कार्य करने की जानकारी दी।
कार्यक्रम में सक्षम जिला इकाई के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में समाजसेवी उपस्थित रहे।