बिलासपुर जिला अधिवक्ता संघ चुनाव: महिला आरक्षित पद पर हेमलता साहू ने दर्ज की शानदार जीत
बिलासपुर। जिला अधिवक्ता संघ के कार्यकारिणी चुनाव में महिला आरक्षित पद पर अधिवक्ता हेमलता साहू ने 1,152 मत प्राप्त कर प्रथम वरियता से शानदार जीत दर्ज की। वहीं अधिवक्ता प्रतीक्षा सिंह ने 862 मत प्राप्त कर द्वितीय वरियता से निर्वाचित होकर कार्यकारिणी में स्थान बनाया। कार्यकारिणी के सामान्य वर्ग के चार पदों के लिए देर शाम तक मतगणना जारी रही।
परिणाम घोषित होने के बाद नव-निर्वाचित पदाधिकारियों एवं उनके समर्थकों ने बाजे-गाजे के साथ विजय का उत्सव मनाया। इसके पश्चात सभी न्यायालय परिसर स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी सदस्य हेमलता साहू ने अपनी जीत पर सभी अधिवक्ताओं, वरिष्ठ अधिवक्ताओं, नवयुवकों के समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक नई अधिवक्ता पर जो विश्वास जताया गया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे इस विश्वास पर पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करेंगी तथा महिला अधिवक्ताओं के अधिकारों, सम्मान, सुरक्षा एवं हितों के लिए सदैव तत्पर रहेंगी। साथ ही बार के सभी अधिवक्ताओं के हित, न्यायालय की गरिमा और अधिवक्ता संघ के विकास के लिए पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगी।
उन्होंने कहा कि यह जीत केवल उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि उन सभी अधिवक्ताओं के विश्वास, सहयोग और समर्थन की जीत है जिन्होंने उन्हें इस महत्वपूर्ण दायित्व के योग्य समझा।