राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर अभाविप एवं छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग द्वारा ऑल इंडिया पार्टी मीट (AIPM) का आयोजन
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक : 14 जुलाई 2026
स्थान : रायपुर
राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर अभाविप एवं छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग द्वारा ऑल इंडिया पार्टी मीट (AIPM) का आयोजन
रायपुर, 14 जुलाई 2026। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) एवं छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर मंगलवार, 14 जुलाई 2026 को कन्वेंशन हॉल, सर्किट हाउस, सिविल लाइंस, रायपुर में ऑल इंडिया पार्टी मीट (AIPM) का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 67 विद्यार्थियों ने भाग लिया एवं 52 से विद्यार्थियों ने दर्शक के रूप में शामिल रहे, कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं, नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन तथा राष्ट्रीय विषयों के प्रति जागरूकता का विकास करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर रहे वही कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में अभाविप छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह मंत्री श्री प्रथम राव फूटाने उपस्थित रहे, साथ ही डॉ. अनुज शुक्ला, श्री सुजल गुप्ता एवं कु. हर्षित कौर मंचासीन रहे।
मुख्य अतिथि श्री विश्व विजय सिंह तोमर ने अपने उद्बोधन में कहा कि युवावस्था में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का कार्य करने वाला कार्यकर्ता आगे जीवन में चाहे किसी भी क्षेत्र में जाए, उसके मन में राष्ट्र प्रथम का भाव और समाजसेवा का संकल्प सदैव जीवित रहता है। 1949 से आज तक विद्यार्थी परिषद ने केवल छात्रहित के मुद्दे ही नहीं उठाए, बल्कि राष्ट्र के समक्ष आने वाली दीर्घकालिक चुनौतियों का समय रहते आकलन कर उनके समाधान हेतु समाज में व्यापक जनजागरण का कार्य किया है।
मुख्य वक्ता श्री प्रथम राव फूटाने ने कहा कि "भारत हमारी माँ है और हम पुत्र की भाँति सभी देशवासियों की सेवा करेंगे" इसी राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ 9 जुलाई 1949 को अभाविप की स्थापना हुई। उन्होंने कहा कि अभाविप केवल विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान तक सीमित संगठन नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण का व्यापक अभियान है। परिषद मिशन साहसी के माध्यम से लाखों छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्रदान कर चुकी है। राष्ट्रीय कला मंच विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराता है,SEIL (Student's Experience in Inter-State Living) के माध्यम से पूर्वोत्तर भारत एवं शेष भारत के विद्यार्थियों के बीच सांस्कृतिक एवं भावनात्मक एकता को सुदृढ़ किया जाता है।
ऑल इंडिया पार्टी मीट में प्रतिभागियों ने विभिन्न राजनीतिक दलों की भूमिका निभाते हुए संसदीय शैली में अपने विचार प्रस्तुत किए। इस वर्ष चर्चा के प्रमुख विषय "नारी शक्ति वंदन अधिनियम" एवं "परिसीमन विधेयक 2026 (Delimitation Bill 2026)" रहे। प्रतिभागियों ने तथ्यों एवं तार्किक दृष्टिकोण के साथ अपने विचार रखे, जिससे उन्हें लोकतांत्रिक विमर्श एवं संसदीय कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।
मॉक पार्लियामेंट प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पक्ष एवं विपक्ष दोनों श्रेणियों में प पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रथम पुरस्कार (₹3,500) श्री शौर्य शर्मा (राहुल गांधी) एवं श्री अबीर जैन (सी. जोसेफ विजय), द्वितीय पुरस्कार (₹2,500) श्री एकाग्र जैन (अमित शाह) एवं श्री धवल शाह (शशि थरूर) को प्रदान किया गया। वहीं तृतीय पुरस्कार (₹3,000) श्रेणी में कु. किंजल पांडिया (महुआ मोइत्रा) को प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में श्री अन्वित दीक्षित ने संसद अध्यक्ष (Parliament Speaker) की भूमिका निभाई। सहायक के रूप में कु. दिव्या माहेश्वरी, श्री देव बर्मन एवं श्री देवाशीष पटेल ने दायित्व का निर्वहन किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य श्री यज्ञदत्त वर्मा, प्रांत कार्यालय मंत्री श्री दुष्यंत साहू, कु. पायल राजपूत, मन, रुचिका , शिवम, राहुल, संकल्प,सुनाए एवं बड़ी संख्या में अभाविप के कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।