लगातार बारिश से मकान की दीवार ढही, दंपती समेत दो बच्चे मलबे में दबे
ग्रामीणों ने रात में चलाया राहत-बचाव अभियान, चारों घायलों का पिथौरा स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी
राजकुमार अग्रवाल जी कि खबर पिथौरा से
पिथौरा। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण ग्राम बलदीडीह में सोमवार रात बड़ा हादसा हो गया। 28 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे बलदीडीह निवासी श्वेतकुमार भोई के मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय परिवार घर के भीतर मौजूद था, जिससे श्वेतकुमार भोई, उनकी पत्नी एवं दो बच्चे मलबे में दबकर घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और पड़ोसी मौके पर पहुंचे तथा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर चारों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान को भारी क्षति पहुंची है, जिससे परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घटना के बाद ग्राम कोटवार ने मौके का मुआयना कर क्षति का पंचनामा तैयार किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता एवं राहत प्रदान करने की मांग की है।