ग्राम रत्नाबांधा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव, नव प्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर हुआ स्वागत
ग्राम रत्नाबांधा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव, नव प्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर हुआ स्वागत
शिक्षा समाज के नवनिर्माण की सबसे मजबूत नींव है: कीर्तन मीनपाल (जनपद सदस्य)
रत्नाबांधा: शासन के निर्देशानुसार ग्राम रत्नाबांधा के शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला में नए शिक्षा सत्र के शुभारंभ के अवसर पर 'शाला प्रवेश उत्सव' का भव्य आयोजन किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में क्षेत्र के जनपद सदस्य श्री कीर्तन मीनपाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में पहली बार कदम रखने वाले नव-प्रवेशी बच्चों का शिक्षकों और अतिथियों द्वारा रोली-चंदन से तिलक कर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य नागरिकों के हाथों बच्चों को नई पाठ्य-पुस्तकें और स्कूल ड्रेस (गणवेश) का वितरण किया गया। नई किताबें और गणवेश पाकर बच्चों के चेहरे उत्साह से खिल उठे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं जनपद सदस्य श्री कीर्तन मीनपाल ने शिक्षा के महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा, "शिक्षा ही वह एकमात्र सशक्त माध्यम है जिससे किसी भी समाज और राष्ट्र के भविष्य को उज्ज्वल बनाया जा सकता है। शासन की यह सर्वोच्च प्राथमिकता है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसी उद्देश्य से बच्चों को नि:शुल्क किताबें और गणवेश जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।"
श्री मीनपाल ने पालकों और शिक्षकों से अपील करते हुए आगे कहा, "एक आदर्श समाज के निर्माण के लिए स्कूल और घर दोनों का माहौल सकारात्मक होना चाहिए। शिक्षकों के साथ-साथ यह हम सभी पालकों का भी दायित्व है कि हम बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक रहें और उनके सर्वांगीण विकास में अपना शत-प्रतिशत योगदान दें।"
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
इस शाला प्रवेश उत्सव को सफल बनाने में शाला प्रबंधन समिति और ग्रामीणजनों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में शाला विकास समिति के अध्यक्ष श्री डोमन साहू, उपाध्यक्ष श्री तेज नारायण मीनपाल, विद्यालय के शिक्षकगण श्रीमती वेणुका देवांगन प्राचार्य, मंजू गोस्वामी, ज्ञानेश्वर सिन्हा, बेदराम साहू, उषा किरण गजपाल एवं दानेश्वरी सिन्हा उपस्थित थे।
इसके साथ ही बच्चों का उत्साहवर्धन करने के लिए पालकगण रामेश्वरी मीनपाल, चंद्रप्रकाश सेन, दुर्गा बाई, ज्योति मीनपाल, नीरा नेताम और पूजा सोरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।