विश्व रक्तदान दिवस पर महारक्तदान शिविर एवं सम्मान समारोह आयोजित
भिलाई, 14 जून। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर रेड ड्रॉप फ्रेंड्स क्लब छत्तीसगढ़ द्वारा साहू मित्र सभा भवन, सुपेला में महारक्तदान शिविर एवं प्रदेश स्तरीय रक्तमित्रों तथा सामाजिक संस्थाओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुकेश चंद्राकर, यशवंत साहू , साहू मित्र सभा अध्यक्ष खेद राम साहू, रामकुमार साहू, कबीर साहु हीरा शंकर प्रेम किशन साहु एवं अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रक्तमित्रों एवं सामाजिक संस्थाओं का सम्मान किया गया। रक्तदान शिविर में लगभग 70 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया। सभी रक्तदाताओं को हेलमेट एवं प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने उद्बोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा कि विश्व रक्तदान दिवस पर रक्तदान जैसे महान कार्य में लगे हुए लोगों का सम्मान करने का सौभाग्य उन्हें प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में जहां चारों ओर व्यस्तता और चुनौतियां हैं, वहीं मानव सेवा के लिए समर्पित लोग समाज के लिए प्रेरणा का कार्य कर रहे हैं। जिनके मन में सेवा का भाव होता है, वे निरंतर ऐसे पुण्य कार्यों में लगे रहते हैं।
उन्होंने कहा कि देश की नई पीढ़ी भारत की बागडोर संभाल रही है और सेवा की यह भावना समाज को नई दिशा दे रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनका संदेश “सेवा ही परम धर्म है” समाज को प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 12 वर्षों से निरंतर राष्ट्रसेवा में समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं।
सांसद ने रेड ड्रॉप फ्रेंड्स क्लब के संस्थापक सूरज साहू एवं उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि वे स्वयं रक्तदान अभियान से जुड़े हैं और अनेक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनके प्रयासों से बड़ी संख्या में लोग इस जनसेवा अभियान से जुड़ रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में सांसद विजय बघेल ने सभी रक्तदाताओं, रक्तमित्रों एवं आयोजकों के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि मां शक्ति सभी को जनसेवा के इस पवित्र कार्य को आगे बढ़ाने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने रक्तदान को महादान बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।