लोकतंत्र के चौथे स्तंभ का महासंकल्प: बालोद में प्रेस रिपोर्टर क्लब का 21वां स्थापना दिवस और भव्य शपथ ग्रहण समारोह संपन्न
लोकतंत्र के चौथे स्तंभ का महासंकल्प: बालोद में प्रेस रिपोर्टर क्लब का 21वां स्थापना दिवस और भव्य शपथ ग्रहण समारोह संपन्न
बालोद। जिला मुख्यालय के सिवनी स्थित तांदुला नदी के पावन तट पर बने 'बालाजी रिसोर्ट' में पत्रकारिता जगत का एक ऐतिहासिक और भव्य समागम संपन्न हुआ। अवसर था 'प्रेस रिपोर्टर क्लब' के 21वें स्थापना दिवस एवं नवनियुक्त पदाधिकारियों के भव्य शपथ ग्रहण समारोह का। इस गरिमामयी और वृहद आयोजन में जिले भर के पत्रकारों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। पूरे कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इसे राजनीतिक चश्मे और किसी भी प्रकार की दलीय बयानबाजी से पूरी तरह दूर रखा गया, जिससे मंच की शुचिता और कलमकारों की गरिमा अक्षुण्ण बनी रही।
समारोह के मुख्य अतिथि एवं प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि पत्रकारिता कभी तपस्या और जनसेवा का माध्यम मानी जाती थी, लेकिन आज यह तेज प्रतिस्पर्धा के दौर में प्रवेश कर चुकी है। उन्होंने कहा कि खबरों की सच्चाई और तथ्यों की पुष्टि पत्रकारिता की आत्मा है, जिसे किसी भी परिस्थिति में नहीं छोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से वरिष्ठ पत्रकारों के अनुभवों से सीख लेकर निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता करने का आह्वान किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष गौतम बाल बोंद्रे ने संगठन की संघर्षपूर्ण यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रेस रिपोर्टर क्लब आज प्रदेश के अधिकांश जिलों में सक्रिय है और पत्रकार हितों के लिए मजबूती से कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि बालोद की नई कार्यकारिणी संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू ने पत्रकारिता को समाज का सबसे चुनौतीपूर्ण दायित्व बताते हुए कहा कि पत्रकार को केवल खबर ही नहीं, बल्कि अपना चरित्र भी निष्पक्ष और पारदर्शी रखना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जब पत्रकार किसी के पक्ष में लिखता है तो उसकी सराहना होती है, लेकिन सच सामने लाने पर कई बार उसे दबाव और विरोध का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बालोद के पत्रकारों को हर परिस्थिति में अपना सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
जिला संयोजक स्वाधीन जैन ने पत्रकारों को समाज का वास्तविक योद्धा बताते हुए कहा कि तेज धूप, बारिश, आंधी-तूफान, दबाव और जोखिम के बीच भी पत्रकार अपने दायित्वों का निर्वहन करता है। उन्होंने कहा कि जनता तक पहुंचने वाली हर खबर के पीछे पत्रकारों का अथक संघर्ष, मेहनत और साहस छिपा होता है।
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण और भावुक क्षण तब आया जब वरिष्ठ पत्रकार सलीम चौहान को प्रदेश अध्यक्ष द्वारा प्रदेश संरक्षक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम के दौरान जिला इकाई के नवनियुक्त पदाधिकारियों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से समाज की आवाज बुलंद करने की शपथ दिलाई गई। बालोद जिला अध्यक्ष तरुण नाथ योगी और जिला संयोजक फिलिप चाको के नेतृत्व में पूरी टीम ने एकता का संकल्प लिया।
संगठन को वैचारिक रूप से सुदृढ़ करने के लिए जिला संरक्षक की कमान स्वाधीन जैन और निर्मल योगी को सौंपी गई है, वहीं वित्तीय अनुशासन की जिम्मेदारी जिला कोषाध्यक्ष जोगेन्द्र नाथ योगी संभाल रहे हैं। जिला उपाध्यक्ष के रूप में विनोद कोशी एवं विनोद नेताम ने पत्रकार हितों के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रतिबद्धता दोहराई।
मंच पर जिले और ब्लॉक स्तर पर संगठन का विस्तार करते हुए कई कर्मठ साथियों को दायित्व सौंपे गए। इस बड़ी टीम में निम्नलिखित नाम प्रमुख रूप से शामिल रहे:
साजू चाको (जिला सचिव) एवं मोनिका साहू (जिला सह सचिव)
संजय रामटेके (जिला मीडिया प्रभारी) एवं रवि कौशल (जिला सह मीडिया प्रभारी)
अबरार सिद्दीकी (विधिक सलाहकार बालोद)
अमित मंडावी (जिला प्रवक्ता)
सुनीता साहू (ब्लॉक संयोजक गुरूर)
उमेश सेन (ब्लॉक अध्यक्ष बालोद), देवधर साहू (ब्लॉक अध्यक्ष गुरूर), लोकेश साहू (ब्लॉक अध्यक्ष डौंडीलोहारा)
भूपेन्द्र कुमार (ब्लॉक अध्यक्ष दल्ली), योगेन्द्र उइके (ब्लॉक अध्यक्ष अर्जुनदा), त्रिभुवन दास (ब्लॉक अध्यक्ष गुंडरदेही)
आशीष (जिला कार्यकारिणी सदस्य डौंडीलोहारा)
संदीप साहू (कार्यकारिणी सदस्य), रज्जाक खान (कार्यकारिणी सदस्य), दिनेश (कार्यकारिणी सदस्य)
योगेश साहू (सदस्य) एवं हर्ष योगी (सदस्य)
स्थापना दिवस का यह विशाल मंच गवाह बना कि जब कलमकार एक सूत्र में बंधते हैं, तो वह समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं। उपस्थित वक्ताओं ने एक सुर में कहा कि यह संगठन केवल पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा नहीं करेगा, बल्कि तांदुला अंचल और पूरे बालोद जिले की जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुँचाने का एक मजबूत सेतु बनेगा। भव्य माहौल में संपन्न हुए इस कार्यक्रम के अंत में आगंतुक अतिथियों एवं जिले भर से आए सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त किया गया।