रिपोर्टर रोहित वर्मा
लोकेशन खरोरा
*विशेष ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण 2.0 की पात्रता सूची का अनुमोदन*
खरोरा, 24 जून 2026
जनपद पंचायत तिल्दा नेवरा अंतर्गत ग्राम पंचायत कनकी में पंचायत भवन में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण 2.0 (PWL) सर्वे सूची का वाचन कर उपस्थित ग्रामीणों के समक्ष पात्रता परीक्षण किया गया। प्राप्त दावा-आपत्तियों पर विचार-विमर्श के बाद सूची का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया।
बैठक में शासन के निर्देशानुसार विभिन्न महत्वपूर्ण एजेंडा बिंदुओं पर चर्चा की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण 2.0 के तहत आवासहीन परिवारों, दिव्यांगजनों, विधवा महिला मुखिया वाले परिवारों तथा कच्चे मकानों में निवासरत पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता दिए जाने संबंधी जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की गई।
इसके अलावा विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन (VB-G RAM G) की कार्ययोजना, पंचायत की आय-व्यय समीक्षा, स्वच्छता अभियान, टीबी मुक्त भारत अभियान, बाल विवाह रोकथाम, समर्थ पंचायत पोर्टल में कर वसूली, स्वच्छता ग्राही समूह द्वारा घर-घर कचरा संग्रहण तथा घरों के बाहर सोख्ता गड्ढा निर्माण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
ग्राम सभा में सरपंच, पंचगण, सचिव एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। बैठक के दौरान ग्राम विकास और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया। ग्रामवासियों ने पंचायत के विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता और सहयोग का संकल्प भी व्यक्त किया।