प्रेस विज्ञप्ति
*जंगल बचाने का संकल्प: भरूवाडीह कला में निकली भव्य अग्नि सुरक्षा जागरूकता रैली*
ग्राम पंचायत भरूवाडीह कला में वन विभाग एवं नेचर सफारी खौलीडबरी, मोहरेंगा द्वारा अग्नि सुरक्षा एवं वन संरक्षण को लेकर जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को जंगलों में आग लगने से होने वाले नुकसान तथा उससे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना था। रैली में वन विभाग से फॉरेस्ट कर्मचारी फेकूराम वर्मा जी, नेचर सफारी के समस्त स्टाफ, ग्राम पंचायत भरूवाडीह कला की सरपंच श्रीमती चित्ररेखा सेतकुमार बंजारे, पंचगण, कोटवार, ग्रामीण महिला-पुरुष, विद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं
शिक्षकगण बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने गांव में रैली निकालकर “वन बचाओ – जीवन बचाओ”, “जंगल में आग न लगाएं” जैसे जागरूकता संदेश दिए। इस अवसर पर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भरूवाडीह कला के प्रधान पाठक दिनेश कुमार वर्मा ने कहा कि वन हमारी अमूल्य धरोहर हैं और इन्हें सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों से जंगलों में आग लगने से रोकने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। शिक्षक धीरेंद्र कुमार वर्मा ने भी लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े वन क्षेत्र को नुकसान पहुंचा सकती है, इसलिए सभी नागरिकों को सतर्क रहकर वन एवं पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करना चाहिए। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए ग्राम पंचायत भरूवाडीह कला की सरपंच श्रीमती चित्ररेखा सेतकुमार बंजारे ने वन विभाग, नेचर सफारी टीम, विद्यालय परिवार एवं समस्त ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। रैली में सभी लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जागरूकता और जिम्मेदारी का परिचय दिया।