*सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा - डॉ. प्रतीक उमरे*
दुर्ग नगर निगम के पूर्व एल्डरमैन भाजपा नेता डॉ. प्रतीक उमरे ने बुलेट बाइक सवार युवकों द्वारा शहर की सड़कों पर पटाखे फोड़ने की बढ़ती घटनाओं की तीखी निंदा की है।उन्होंने दुर्ग पुलिस अधीक्षक से तुरंत बड़े स्तर पर अभियान चलाकर ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।शहर में बुलेट बाइक पर सवार कुछ युवक तेज रफ्तार से दौड़ते हुए पटाखे छोड़ रहे हैं।इससे न केवल आम नागरिकों में दहशत का माहौल बन रहा है,बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी कई गुना बढ़ गया है।महिलाएं,बच्चे और बुजुर्ग खासतौर पर प्रभावित हो रहे हैं।अचानक पटाखों की आवाज से लोग चौंक जाते हैं,जिससे हृदय रोगियों और बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी गंभीर परेशानी हो रही है।सड़कों को अपनी शरारत का अखाड़ा बनाने वाले कुछ युवक बुलेट बाइक का दुरुपयोग कर पूरे समाज को परेशान कर रहे हैं।पटाखे फोड़ना सिर्फ नियमों का उल्लंघन नहीं है, बल्कि सार्वजनिक शांति भंग करना,यातायात नियमों का घोर उल्लंघन और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने का कार्य है।यह मोटर वाहन अधिनियम-1988, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम तथा प्रदूषण नियंत्रण कानूनों का स्पष्ट उल्लंघन है।उन्होंने पुलिस अधीक्षक से सीसीटीवी फुटेज,गश्ती दल और जनता की सूचनाओं के आधार पर इन बाइक सवारों की तुरंत पहचान की मांग किया है।दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों पर भारी जुर्माना,बाइक जब्त करने,लाइसेंस निलंबन और आवश्यकता पड़ने पर विस्फोटक पदार्थों के दुरुपयोग की धाराओं में एफआईआर दर्ज की मांग भी किया है।उन्होंने आम जनता से अपील किया कि यदि कोई व्यक्ति बुलेट बाइक से पटाखे फोड़ते या तेज रफ्तार से घूमते दिखे तो तुरंत 112 पर कॉल करें या नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें।