*स्काउट-गाइड रोवर-रेंजर की पहल, राहगीरों को मिला ठंडा पेयजल*
खरोरा, :- पीएम श्री भरत देवांगन शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी-अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय, खरोरा के स्काउट-गाइड (रोवर-रेंजर) छात्र-छात्राओं द्वारा भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए राहगीरों एवं आमजन के लिए शीतल पेयजल पियाउ घर का शुभारंभ किया गया। यह सराहनीय पहल स्काउट-गाइड प्रभारी शाहिना परवीन के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य रजनी मिंज ने प्रेरणादायी उद्बोधन देते हुए कहा कि समाज सेवा ही स्काउट-गाइड की वास्तविक पहचान है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की व्यवस्था करना एक पुनीत कार्य है, जो मानवता की सच्ची सेवा का प्रतीक है। विद्यार्थियों को इस प्रकार के सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने उनके प्रयासों की सराहना की।
सेवानिवृत्त व्याख्याता हरीश देवांगन ने कहा कि “भीषण गर्मी के इस दौर में मानव सेवा का यह पुनीत कार्य अत्यंत सराहनीय है। पीएम श्री भरत देवांगन शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी-अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय, खरोरा के स्काउट-गाइड (रोवर-रेंजर) छात्र-छात्राओं द्वारा स्थापित यह शीतल पेयजल पियाउ घर न केवल राहगीरों को राहत प्रदान करेगा, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता का संदेश भी प्रसारित करेगा।
पियाउ घर में स्वच्छता एवं शुद्धता का विशेष ध्यान रखते हुए ठंडे पेयजल की व्यवस्था की गई है, जिससे राहगीरों को राहत मिल सके। इस पहल से छात्र-छात्राओं में सेवा भावना, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास भी हो रहा है।
विद्यालय परिवार ने इस जनसेवा कार्य को एक उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए सभी विद्यार्थियों को इससे प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
इस शुभारंभ कार्यक्रम में, प्राचार्य रजनी मिंज, वरिष्ठ व्याख्याता शाहिना परवीन, सेवानिवृत्त व्याख्याता हरीश देवांगन, रीतारानी वर्मा, चमेली ठाकुर, रोहित वर्मा, एवं समस्त स्काउट गाइड रोवर रेंजर छात्र छात्राओं उपस्थित थे।
श्री रोहित वर्मा जी की खबर