*भाजपा नेता डॉ. प्रतीक उमरे द्वारा आईएएस अधिकारी की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान*
दुर्ग नगर निगम में ठगड़ा बांध प्रकरण को लेकर आयुक्त सुमित अग्रवाल की भर्राशाहीपूर्ण कार्यप्रणाली के विरुद्ध भाजपा नेता एवं पूर्व एल्डरमैन डॉ. प्रतीक उमरे द्वारा की गई शिकायत पर अब प्रदेश स्तर पर संज्ञान लिया गया है।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशों के बाद छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा इस मामले में आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।डॉ. प्रतीक उमरे ने दिनांक 17 फरवरी 2026 को मुख्यमंत्री को भेजी गई शिकायत में आरोप लगाया था कि ठगड़ा बांध से संबंधित मामलों में आयुक्त द्वारा लिए गए निर्णयों में पारदर्शिता का अभाव है तथा कई स्तरों पर नियमों की अनदेखी करते हुए मनमानी कार्यशैली अपनाई गई है तथा नगर निगम प्रशासन द्वारा झूठा स्पष्टीकरण जारी कर भाजपा सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है।शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया था कि इस प्रकार की कार्यप्रणाली से न केवल जनहित प्रभावित हो रहा है,बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।उक्त शिकायत पर संज्ञान लेते हुए सामान्य प्रशासन विभाग,मंत्रालय नवा रायपुर द्वारा 13 अप्रैल 2026 को जारी पत्र में डॉ. प्रतीक उमरे से शिकायत के समर्थन में विस्तृत साक्ष्य एवं दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा गया है ताकि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा सके।डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा कि यह केवल एक प्रशासनिक शिकायत नहीं,बल्कि दुर्ग की जनता के अधिकारों और पारदर्शी शासन व्यवस्था की लड़ाई है।उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम में किसी भी प्रकार की भर्राशाही,मनमानी और जनविरोधी निर्णयों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।