*तिल्दा में विज्ञान का उत्सव: विकासखंड स्तरीय विज्ञान टीएलएम प्रदर्शनी में शिक्षकों की रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन*
प्रेस विज्ञप्ति
*तिल्दा में विज्ञान का उत्सव: विकासखंड स्तरीय विज्ञान टीएलएम प्रदर्शनी में शिक्षकों की रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन*
विकासखण्ड तिल्दा में विज्ञान दिवस के अवसर पर विकासखंड स्तरीय विज्ञान टीएलएम प्रदर्शनी का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इसके पूर्व सभी विद्यालयों में विज्ञान मेले का आयोजन कर विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि जागृत करने के लिए विभिन्न मॉडल एवं शिक्षण सहायक सामग्रियों (टीएलएम) का उपयोग किया गया था। विद्यालय स्तर के बाद संकुल स्तर पर विज्ञान से संबंधित टीएलएम की प्रदर्शनी आयोजित की गई, जिसमें प्रत्येक संकुल से एक शिक्षक का चयन कर उन्हें विकासखंड स्तर पर विज्ञान की किसी एक अवधारणा पर प्रदर्शनी प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया।
कार्यक्रम में शिक्षकों ने बड़े उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए विद्युत प्रवाह, उत्सर्जन तंत्र, पदार्थ, प्रकाश आदि विषयों पर आधारित आकर्षक मॉडल और शिक्षण सामग्री प्रस्तुत की। इस आयोजन से विज्ञान शिक्षकों को विद्यार्थियों के साथ नवाचारपूर्ण तरीके से कार्य करने की प्रेरणा मिली तथा विज्ञान शिक्षा को अधिक रोचक और प्रभावी बनाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल देखने को मिली। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत तिल्दा शिक्षण समिति की सभापति श्रीमती दुलारी वर्मा, डॉ. सुरेंद्र वर्मा, विकासखंड स्त्रोत केंद्र समन्वयक देवेंद्र सिंह ठाकुर तथा तुलसी नेवरा के प्राचार्य रुद्र कुमार वर्मा उपस्थित रहे। प्रदर्शनी के निर्णायक के रूप में डॉ. सुभाष चन्द्र शर्मा प्राचार्य शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सासाहोली एवं डॉ. राजेश चन्दानी प्राचार्य बीएनबी शासकीय उच्च माध्यमिक शाला नेवरा तिल्दा ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।
अजीम प्रेमजी फाउंडेशन तिल्दा इकाई से मंजू बंछोर, अंकना नाग और अंजली सिंह की विशेष सहभागिता रही, जिन्होंने सभी संकुलों से आए प्रतिभागियों में से सर्वोत्तम शिक्षण सहायक सामग्री का चयन किया। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ तीन प्रतिभागियों में प्रथम स्थान श्रीमती मधु वर्मा (शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला), द्वितीय स्थान शारदा वर्मा (एनडीबी शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला नेवरा तिल्दा) तथा तृतीय स्थान श्रीमती वीणा श्रीवास (पूर्व माध्यमिक शाला पुरानी बस्ती तिल्दा) को प्राप्त हुआ। विजेताओं को प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा अन्य सभी सहभागियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर चित्रसेन वर्मा, नरोत्तम ध्रुव, कौशल वर्मा, हिमांचल चौबे, कमलेश वर्मा सहित अन्य समन्वयकगण उपस्थित रहे। उक्त जानकारी शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला छड़िया के प्रधान पाठक धीरेंद्र कुमार वर्मा द्वारा दी गई।