शहीद कप फ्लड लाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का गरिमामय समापन
भिलाई-3, पदुम नगर।
एच. एम. जन सेवा समिति के तत्वावधान में वीर शहीदों की स्मृति में आयोजित शहीद कप फ्लड लाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन 28 फरवरी को पदुम नगर, भिलाई-3 में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह आयोजन 21 फरवरी से 28 फरवरी तक चला, जिसमें क्षेत्र के खिलाड़ियों एवं नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि विजय बघेल (सांसद, दुर्ग लोकसभा) थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं विशिष्ट उपस्थिति में राहुल टिकरिया (भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष), राकेश पाण्डेय (खादी ग्रामोद्योग, राज्य मंत्री दर्जा), पुरुषोत्तम देवांगन (भाजपा जिलाध्यक्ष), भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष स्वीटी कोशिश, एडीशनल एसपी सुखनंदन राठौर, सीएसपी सत्य प्रकाश, श्रीमती तुलसी साहू, श्रीमती सुषमा जेठानी (महामंत्री भाजपा जिला भिलाई), गौरीशंकर, परमजीत सिंह, दिनेश पाठक, सुनील पटेल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत वीर शहीदों के तेल चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। राष्ट्रीय गीत एवं राजकीय गीत के पश्चात टॉस कर क्रिकेट मैच प्रारंभ किया गया। सांसद विजय बघेल ने स्वयं मैदान में उतरकर चौके-छक्के लगाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
अपने उद्बोधन में सांसद विजय बघेल ने देश के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि हमारे सैनिक सीमाओं पर कठिन परिस्थितियों—भीषण गर्मी और बर्फीली ठंड—में डटे रहते हैं, जिसके कारण देशवासी सुरक्षित जीवन व्यतीत कर पा रहे हैं। उन्होंने शहीद परिवारों की माताओं के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।
राकेश पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के सपनों को साकार करने की दिशा में प्रेरणादायी कदम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में राष्ट्रभक्ति और मनोबल की भावना सुदृढ़ होती है।
राहुल टिकरिया ने शहीद परिवारों के सम्मान को सच्ची राष्ट्रसेवा बताते हुए आयोजन समिति एवं युवाओं को बधाई दी।
इस अवसर पर शहीदों के परिजनों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। पूर्व सैनिक राकेश निषाद एवं पवन कुमार का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में जिन वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई, उनमें प्रमुख रूप से—
शहीद श्री आकाश राव गिरपुंजे, शहीद श्री राजेन्द्र पवार (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला गरियाबंद), शहीद श्री नज़ीर बक्स (सहायक उप निरीक्षक, जिला कांकेर), शहीद श्री बेलसाजर तिर्की (निरीक्षक, जिला कांकेर), शहीद श्री प्रफुल्ल शुक्ला (आर-430 प्रथम वाहिनी छसबल भिलाई), शहीद श्री राणा प्रताप सिंह, शहीद श्री विश्राम मांझी, शहीद श्री किशन चुरेन्द्र, शहीद श्री दलबहादुर, शहीद श्री जितेन्द्र चतुर्वेदी, शहीद श्री सियाराम सिंह, शहीद श्री मनोज वर्मा, शहीद श्री संजय राय, शहीद श्री युवराज सिंह, शहीद श्री उमेश कुमार साहू, शहीद श्री हीराधर प्रसाद, शहीद श्री डी. राजा राव तथा शहीद श्री राजेश्वर मांझी शामिल रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन लोकेश पाण्डेय एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। आयोजन ने न केवल खेल भावना को प्रोत्साहित किया, बल्कि शहीदों की स्मृति को जीवंत रखते हुए राष्ट्रभक्ति का संदेश भी दिया।