*बालोद में अतिक्रमण हटाने को लेकर नगरपालिका परिषद की विशेष बैठक सम्पन्न, तीन दिन मुनादी के बाद होगी प्रशासनिक कार्रवाई...*
*बालोद में अतिक्रमण हटाने को लेकर नगरपालिका परिषद की विशेष बैठक सम्पन्न, तीन दिन मुनादी के बाद होगी प्रशासनिक कार्रवाई...*
बालोद, 18 मार्च 2026। नगर में लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं और यातायात बाधाओं को देखते हुए नगरपालिका परिषद बालोद ने बुधवार, 18 मार्च 2026 को प्रातः 11 बजे एक विशेष बैठक आयोजित की। यह बैठक नगरपालिका परिषद बालोद के कार्यालय सभा कक्ष में परिषद अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य नगर के भीतरी एवं व्यापारिक क्षेत्रों की सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण को हटाने के संबंध में ठोस निर्णय लेना था।
बैठक में नगरपालिका परिषद के पार्षदों के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसमें तहसीलदार, यातायात प्रभारी, राजस्व निरीक्षक, हल्का पटवारी तथा चेम्बर ऑफ कॉमर्स बालोद के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक की शुरुआत में नगर की प्रथम नागरिक और परिषद अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी ने उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया और बैठक के विषय को विस्तार से पढ़कर सुनाया।
बैठक के दौरान अतिक्रमण हटाने के मुद्दे पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने क्रमवार अपने विचार रखे। विभिन्न सदस्यों ने नगर के मुख्य मार्गों, विशेषकर सदर रोड बालोद में दोनों ओर सार्वजनिक नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमण को गंभीर समस्या बताया। सदस्यों ने कहा कि अतिक्रमण के कारण न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है, बल्कि आम नागरिकों और व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार हो रही छोटी-बड़ी दुर्घटनाओं के पीछे भी यह एक प्रमुख कारण बनता जा रहा है।
विस्तृत चर्चा के बाद बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि सदर रोड बालोद के दोनों ओर सार्वजनिक नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमण का चिन्हांकन कराया जाएगा। इसके साथ ही चेम्बर ऑफ कॉमर्स बालोद और नगरपालिका परिषद बालोद द्वारा लगातार तीन दिनों तक सघन मुनादी कराकर अतिक्रमणकारियों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए चेतावनी और अवसर दिया जाएगा। तय समय-सीमा के बाद यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो जिला प्रशासन अपने स्तर पर विधिवत कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू करेगा।
इस विशेष बैठक में नगरपालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी, उपाध्यक्ष श्री कमलेश सोनी सहित पार्षदगण श्रीमती पुष्पा साहू, श्रीमती किरण साहू, श्री प्रीतम यादव, श्रीमती कांति साहू, श्री सतीश यादव, सुश्री रीता सोनी, श्री दीपक कुमार, श्री सुमित शर्मा, श्रीमती सुनीता मनहर, श्रीमती आशा पटेल, श्री गोकुल ठाकुर, श्री विनोद बंटी शर्मा, श्रीमती गोमती रात्रे, श्री गिरिजेश गुप्ता, श्रीमती श्यामा यादव, श्री कशीमुद्दीन कुरैशी और श्री धीरज उपाध्याय उपस्थित रहे।
इसके अलावा विशेष आमंत्रित सदस्यों में तहसीलदार बालोद, यातायात प्रभारी, राजस्व निरीक्षक, पटवारी हल्का नंबर 06 के साथ श्री हरीश सॉखला, श्री विकास श्रीश्रीमाल, श्री राजकुमार ढुवानी, श्री शरद अग्रवाल, श्री अजय ओटवानी, श्री सुभाष चौधरी, श्री राजा सलूजा, श्री श्रवण टावरी, श्री युसुफ खान, श्री रविशंकर पाण्डेय, श्री अटल दुबे, श्री राहुल गोलछा, श्री महेश पाठक, श्री कमल बजाज और रविकुमार कमल पम्पालिया सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
नगरपालिका परिषद की इस विशेष बैठक को बालोद नगर में यातायात व्यवस्था सुधारने और दुर्घटनाओं की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। अब देखना होगा कि मुनादी के बाद अतिक्रमणधारी स्वयं अतिक्रमण हटाते हैं या प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी पड़ती है।
हमने बनाया हैं
हम ही संवारेंगे।