प्रेस विज्ञप्ति
वार्षिकोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह संपन्न
पीएम श्री शासकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शाला, बिजली नगर भिलाई-3, संकुल भिलाई-3, विकासखंड पाटन, जिला दुर्ग में वार्षिकोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विजय बघेल सांसद थे। विशेष अतिथि के रूप में उपकरण चंद्राकर (प्रदेश महामंत्री, पिछड़ा वर्ग मोर्चा भाजपा) एवं तुलसी धुर्व उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अपने उद्बोधन में सांसद श्री विजय बघेल ने कहा कि जब भी हम स्कूल में आते हैं तो हमें अपना बचपन याद आ जाता है। उन्होंने कहा कि आज सरकार द्वारा “बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ” अभियान के माध्यम से बेटियों को आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने हास्यपूर्ण अंदाज में अपने छात्र जीवन की स्मृतियां साझा करते हुए कहा कि पहले के समय में संसाधनों की कमी थी, लेकिन आज बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
सांसद श्री बघेल ने विद्यालय की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि यह बहुत पुराना और गौरवशाली स्कूल है। विद्यालय परिसर के पीछे उपलब्ध भूमि पर अतिरिक्त भवन निर्माण हेतु प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजने की बात भी उन्होंने कही, ताकि बच्चों को और अधिक सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार की किसान हितैषी नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय किसानों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्नति किसान योजना के अंतर्गत किसानों के खातों में राशि अंतरित की गई है, जिससे किसानों के चेहरे पर मुस्कान आई है।
कार्यक्रम में विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चों द्वारा आकर्षक एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनकी अतिथियों ने खूब सराहना की। इस अवसर पर सांसद श्री विजय बघेल द्वारा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।
समारोह में विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम सफलतापूर्वक एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ