धर्मनगरी दुर्ग में पहली बार सजेगी श्याम बाबा की भव्य ‘निशान यात्रा’, 27 फरवरी को उमड़ेगा आस्था का सैलाब
धर्मनगरी दुर्ग में पहली बार सजेगी श्याम बाबा की भव्य ‘निशान यात्रा’, 27 फरवरी को उमड़ेगा आस्था का सैलाब
दुर्ग। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी के बाद अब संस्कारधानी दुर्ग में खाटू श्याम बाबा के जयकारों की गूंज सुनाई देगी। आगामी 27 फरवरी, फाल्गुन एकादशी के पावन अवसर पर दुर्ग शहर में पहली बार ऐतिहासिक एवं भव्य निशान यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन अपनी भव्यता और श्रद्धालुओं की संख्या के लिहाज से जिले में एक नया कीर्तिमान स्थापित करने जा रहा है।
भक्ति का मार्ग: गंजपारा से कादंबरी नगर तक
आयोजन समिति से मिली जानकारी के अनुसार, यह भव्य निशान यात्रा श्री सत्तीचौरा माँ दुर्गा मंदिर, गंजपारा से विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद शुरू होगी। यहाँ से हजारों भक्त अपने हाथों में बाबा का निशान (ध्वज) लेकर श्री श्याम बाबा मंदिर, कादंबरी नगर तक पदयात्रा करेंगे।
पूरे प्रदेश से जुटेंगे श्याम प्रेमी
इस यात्रा की महत्ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें केवल दुर्ग शहर ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ से श्याम प्रेमियों का आगमन हो रहा है। विशेष रूप से:
भिलाई, रायपुर, धमतरी, राजनांदगांव के भक्त।
डोंगरगढ़, बालोद, बेमेतरा, अहिवारा, कुम्हारी और गुंडरदेही से आने वाली मंडलियां।
आयोजकों की अपील: 'एक निशान बाबा के नाम'
"करने वाले श्याम, कराने वाले श्याम" की भावना के साथ आयोजकों ने सभी सनातनी भाई-बहनों और श्याम प्रेमियों से इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने की अपील की है। समिति ने आग्रह किया है कि फाल्गुन एकादशी के इस विशेष दिन पर हर घर से बाबा के नाम का एक निशान जरूर उठे।
पंजीकरण शुरू: निशान उठाने के इच्छुक श्रद्धालु अपना, अपने परिवार एवं इष्ट-मित्रों का नाम आयोजन समिति के पास जल्द से जल्द दर्ज करा सकते हैं ताकि व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जा सकें।