*बजट में रायपुर-भिलाई मेट्रो परियोजना को प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त वित्तीय आवंटन करें - भाजपा नेता डॉ. प्रतीक उमरे*
*बजट में रायपुर-भिलाई मेट्रो परियोजना को प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त वित्तीय आवंटन करें - भाजपा नेता डॉ. प्रतीक उमरे*
दुर्ग नगर निगम के पूर्व एल्डरमैन भाजपा नेता डॉ. प्रतीक उमरे ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी से आगामी बजट में रायपुर भिलाई मैट्रो परियोजना को प्राथमिकता देते हुए गति प्रदान करने के लिए राशि प्रस्तावित करने का आग्रह किया है।डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा कि डीपीआर पूर्ण होने के बाद निर्माण चरण में प्रवेश करने हेतु पर्याप्त वित्तीय आवंटन आवश्यक है।यह परियोजना छत्तीसगढ़ के लिए न केवल यातायात सुगमता और शहरी विकास का प्रतीक है,बल्कि यह क्षेत्र की आर्थिक प्रगति और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी। पिछले वर्ष सरकार द्वारा परियोजना के लिए सर्वेक्षण और डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में इसके लिए 5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया था लेकिन फंडिंग की कमी और निर्माण कार्यों में देरी के कारण परियोजना की गति शुरुआत से धीमी रही है।वर्तमान में सड़क यातायात में ट्रैफिक जाम की समस्या आम है,जिससे मेट्रो तेज और सुविधाजनक विकल्प होगा।रायपुर से दुर्ग की यात्रा में लगने वाला समय कम होगा।यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्व पूर्ण योगदान देगा,मेट्रो ट्रेन विद्युत से संचालित होती है,जिससे सड़क पर वाहनों की संख्या और वायु प्रदूषण में कमी आएगी।दिल्ली मेट्रो के उदाहरण से देखें तो मेट्रो ने ईंधन की बचत और प्रदूषण में कमी में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।मेट्रो परियोजना से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे,विशेष रूप से निर्माण और संचालन के दौरान साथ ही नवा रायपुर जैसे नए क्षेत्रों में आवास और व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा,जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।मेट्रो ट्रेन सार्वजनिक परिवहन का बेहतर विकल्प है।मेट्रो ट्रेन साफ-सुथरी,वातानुकूलित और समयबद्ध होती है,जो यात्रियों को बसों और ऑटो रिक्शा की तुलना में अधिक आरामदायक और विश्वसनीय यात्रा अनुभव प्रदान करेगी।शहरीकरण और कनेक्टिविटी भी बेहतर होगा।नवा रायपुर,रायपुर और दुर्ग के बीच बेहतर कनेक्टिविटी से शहरीकरण को बढ़ावा मिलेगा।नवा रायपुर में सरकारी कार्यालयों और अन्य संस्थानों तक पहुंच आसान होगी,जिससे क्षेत्र की आबादी और गतिविधियां बढ़ेंगी।मेट्रो के शुरू होने से सड़कों पर निजी वाहनों का उपयोग कम होगा,जिससे ट्रैफिक जाम और सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।दुर्ग-रायपुर मेट्रो ट्रेन परियोजना से क्षेत्र में यातायात,पर्यावरण,अर्थव्यवस्था और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव आएंगे।यह छत्तीसगढ़ की राजधानी क्षेत्र को आधुनिक और विकसित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी जनवरी 2026 में स्पष्ट किया कि रायपुर को मेट्रो सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा,जो शहरीकरण के दबाव को संतुलित करने का दीर्घकालिक समाधान बनेगा।