सादर प्रकाशनार्थ प्रेस विज्ञप्ति
*सीपत में सजा अमरनाथ शिव दर्शन मेला, श्रद्धालुओं में उत्साह*
13 फरवरी 2026, सीपत। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, सीपत द्वारा आध्यात्मिक जागरण एवं सांस्कृतिक चेतना को समर्पित चार दिवसीय भव्य ‘अमरनाथ शिव दर्शन मेला’ का शुभारंभ हंसा पेट्रोल पंप के पास किया गया। यह विशेष आध्यात्मिक आयोजन प्रतिदिन प्रातः 07 बजे से रात्रि 07 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा। मेले में प्रवेश पूर्णतः निशुल्क रखा गया है, जिससे अधिक से अधिक श्रद्धालु एवं नागरिक इसका लाभ उठा सकें।
ब्रह्माकुमारीज बिलासपुर की ग्रामीण सेवा प्रभारी बीके संतोषी दीदी ने बताया कि इस चार दिवसीय मेले का मुख्य आकर्षण पवित्र अमरनाथ गुफा की भव्य प्रतिकृति है, जिसमें बर्फ से निर्मित दिव्य बर्फानी बाबा अमरनाथ के स्वरूप का सजीव दर्शन कराया जा रहा है। श्रद्धालुओं को ऐसा अनुभव हो रहा है मानो वे स्वयं हिमालय की पवित्र वादियों में स्थित अमरनाथ धाम के प्रत्यक्ष दर्शन कर रहे हों। वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत करने हेतु विशेष प्रकाश एवं ध्वनि सज्जा की व्यवस्था की गई है।
इसके अतिरिक्त मेले में भारत के पवित्र द्वादश ज्योतिर्लिंग के आकर्षक एवं जानकारीपूर्ण चित्रों एवं झांकियों का प्रदर्शन किया गया है। श्रद्धालुओं को बारहों ज्योतिर्लिंगों की महिमा, इतिहास एवं आध्यात्मिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
मेले का एक अन्य विशेष आकर्षण नेपाल के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर की प्रतिकृति है, जो अपनी स्थापत्य कला एवं आध्यात्मिक गरिमा के कारण श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसके माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि भगवान शिव की आराधना सम्पूर्ण विश्व को एक सूत्र में बांधने वाली शक्ति है।
आयोजन स्थल पर एक सुसज्जित आध्यात्मिक चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जिसमें कलयुग से सतयुग परिवर्तन, आत्मा-परमात्मा का संबंध, सकारात्मक सोच, राजयोग ध्यान, तथा नैतिक मूल्यों पर आधारित प्रेरणादायक चित्रों का सजीव चित्रण प्रस्तुत किया गया है। प्रदर्शनी के माध्यम से आगंतुकों को वर्तमान समय की चुनौतियों एवं उनके आध्यात्मिक समाधान की जानकारी दी जा रही है।
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शांतिपूर्ण वातावरण में राजयोग मेडिटेशन का अनुभव भी कराया जा रहा है, जिससे वे आंतरिक शांति, मानसिक स्थिरता और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव कर सकें।
दीदी ने कहा कि अमरनाथ शिव दर्शन मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आत्म-जागृति और आंतरिक परिवर्तन का माध्यम है। अधिक से अधिक श्रद्धालु इस निशुल्क आध्यात्मिक मेले में पहुंचकर शिव दर्शन का लाभ लें और अपने जीवन में शांति, शक्ति और आनंद का अनुभव करें।” उन्होंने बताया कि यह मेला सभी आयु वर्ग के लिए विशेष रूप से प्रेरणादायक है। परिवार सहित उपस्थित होकर श्रद्धालु आध्यात्मिक ज्ञान, सांस्कृतिक झांकियों और ध्यान अभ्यास का लाभ उठा सकते हैं।
अतः समस्त क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अनुरोध है कि वे प्रातः 07 बजे से रात्रि 07 बजे तक हंसा पेट्रोल पंप के पास आयोजित इस चार दिवसीय अमरनाथ शिव दर्शन मेले में अवश्य पधारें और इस दिव्य आध्यात्मिक अनुभूति का लाभ उठाएं।
ईश्वरीय सेवा में,
बीके संतोषी
ग्रामीण सेवा प्रभारी
ब्रह्माकुमारीज, सीपत