राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 का भव्य समापन: जनभागीदारी और जागरूकता से बलौदाबाजार-भाटापारा में गूंजा ‘सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा’ का संदेश
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 का भव्य समापन: जनभागीदारी और जागरूकता से बलौदाबाजार-भाटापारा में गूंजा ‘सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा’ का संदेश
भाटापारा/बलौदाबाजार (रूपेश वर्मा, अर्जुनी)।
जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक संचालित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 का समापन समारोह 04 फरवरी को गरिमामय और प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। समापन कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा, यातायात अनुशासन और जनसहभागिता के महत्व को रेखांकित करते हुए नागरिकों को सुरक्षित वाहन संचालन का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता एवं वन मंडलाधिकारी गणवीर धम्मशील मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिथियों ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को जीवन रक्षा का मूल आधार बताते हुए आम नागरिकों से जिम्मेदार एवं अनुशासित यातायात व्यवहार अपनाने की अपील की।
जागरूकता अभियान ने गांव-शहर तक पहुंचाया संदेश
पूरे माह के दौरान यातायात पुलिस द्वारा जिले के भीड़भाड़ वाले चौक-चौराहों, शैक्षणिक संस्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पाम्पलेट वितरण, लाउडस्पीकर प्रचार, नुक्कड़ नाटक एवं हेलमेट रैली जैसे माध्यमों से लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
बच्चों और युवाओं में सड़क सुरक्षा के प्रति समझ विकसित करने हेतु पेंटिंग, वॉल आर्ट, फोटोग्राफी तथा रील/वीडियो मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में जिले भर से प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” का प्रभावी संदेश दिया।
स्वास्थ्य शिविर और लाइसेंस शिविर से मिली राहत
सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत भारी वाहन चालकों के लिए विशेष स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किए गए। वहीं आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बलौदाबाजार, भाटापारा और कसडोल में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर लगाए गए, जिनमें कुल 1173 नागरिकों के ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए। साथ ही यातायात नियमों के पालन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नागरिकों को निःशुल्क हेलमेट भी वितरित किए गए।
मानवता की मिसाल बने गुड सेमेरिटन सम्मानित
समापन समारोह में सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों की मदद कर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देने वाले गुड सेमेरिटन ऑटो चालक अमित गर्ग एवं नीरज बंजारे को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त सड़क सुरक्षा अभियान में सक्रिय योगदान देने वाले समन्वयकों तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
रील/वीडियो मेकिंग प्रतियोगिता में राम अवतार निर्मलकर एवं उनकी टीम को प्रथम तथा वेदप्रकाश वर्मा एवं उनकी टीम को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
जिम्मेदारी और जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह एवं एसडीओपी अपूर्वा क्षत्रिय ने उपस्थित अतिथियों, पत्रकारों, स्कूली बच्चों और सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 के इस व्यापक अभियान ने जिले में यातायात जागरूकता को नई दिशा प्रदान की है। इस अभियान ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है।