युवाओं को ट्रेनिंग, एग्जाम की तैयारी करा रहे पूर्व सैनिक व नेशनल खिलाड़ी
यह नजारा जिला मुख्यालय से 50 किमी दूर मंगचुवा के हाईस्कूल मैदान का है, जहां ग्रामीण क्षेत्र से पहुंचे 18 से 24 साल तक के युवा दौड़ लगा रहे है। सितंबर माह तक ग्रामीण अंचल के युवक व युवतियों को मिलिट्री, पैरा मिलिट्री, पुलिस विभाग में भर्ती के लिए निशुल्क प्रशिक्षण देने का निर्णय पुलिस विभाग, जिला प्रशासन, पूर्व सैनिक संघ ने लिया है। मंगचुवा पुलिस के अनुसार वनांचल क्षेत्र अंतर्गत 32 गांव के 150 से ज्यादा युवक-युवतियों ने प्रशिक्षण में शामिल होने सहमति दे दी है।
संख्या और बढ़ने का अनुमान है। 40 से ज्यादा युवतियां भी शिविर में शामिल होकर अभ्यास करेगी। फिजिकल, मेडिकल संबंधित प्रशिक्षण रिटायर्ड सैनिक देंगे। वहीं एथलेटिक्स की 2 नेशनल खिलाड़ी टिप्स देकर रिटर्न एग्जाम की तैयारी कराएंगे।
इन गांवों के युवा शामिल होंगे
मंगचुवा, लोहारटोला, तुएगोंदी, सुंदर नगर तुमडीकसा, भंवरमरा, मंगचुवा, कर्रेगाव सहित आसपास गांव के युवा शिविर में शामिल होंगे। मंगचुवा टीआई दिलीप नारायण नाग, पूर्व सैनिक संघ के राजकुमार साहू, विमल कुमार दास, ऑनरेरी कैप्टन वीपी सिंह, हॉनरी कैप्टन राकेश पाठक, पूर्व सैनिक बाली, गजर शेख आलम, आर्मी कमांडो कन्हैया लाल देवांगन, हेमंत मार्गिया, उमेश कुमार साहू, किशोर नाथ योगी, ट्रेनर अजय कुमार आदि युवाओं को ट्रेनिंग देंगे।
चीन से जंग लड़ने वाले रिटायर्ड सैनिक भी पहुंचे
रिटायर्ड सैनिक विमल कुमार दास(82) ने युवाओं का उत्साहवर्धन किया। श्री दास ने वर्ष 1962 एवं 1965 में चाइना एवं पाकिस्तान के साथ युद्ध किया है। 80 साल से ज्यादा उम्र होने के बाद भी युवाओं के मन में देश की भावना जागृत करने प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचे थे।