आज से जिले के सभी स्कूलों में होगी पढ़ाई, सोमवार से खुलेंगे कार्यालय, हड़ताल पर लगा ब्रेक
महंगाई भत्ता सहित दो सूत्रीय मांगों पर शासन से आश्वासन मिलने के बाद शुक्रवार को अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन ने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर ब्रेक लगा दिया है। 12 दिन से चल रही हड़ताल को आगामी आदेश तक स्थगित करने का निर्णय लिया है। हालांकि शासन की ओर से सकारात्मक आदेश जारी न होने की स्थिति में फेडरेशन से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी हड़ताल कर सकते हैं।
आगे क्या होगा, इस पर सोमवार तक स्थिति स्पष्ट होगी। भले ही हड़ताल स्थगित हो गई है लेकिन 22 अगस्त से शुक्रवार तक लोगों के काम नहीं हो पाए। इसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं, कि राजस्व विभाग व नगरीय नगरीय के अधिकारी व कर्मचारियों की हड़ताल से 12 दिन में ही जिले के 6 तहसील कार्यालयों, 2 नपा और 4 नगर पंचायत में मिले 4 हजार 786 में से 4 हजार 762 आवेदन लंबित है। शुक्रवार शाम 4.40 बजे तक यह स्थिति रही। इस दौरान 24 आवेदनों का निराकरण हो पाया। आंकड़ों में फेरबदल हो सकता है, क्योंकि ऑनलाइन आवेदन बढ़ सकते हैं। हड़ताल खत्म होने से राहत मिलेगी।
अन्य मांगों को लेकर कमेटी का गठन किया जाएगा
हड़ताल इसलिए स्थगित करने का निर्णय क्योंकि - शासन की ओर से मंत्री रविन्द्र चौबे व कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रतिनिधियों के बीच मांगों को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। 6 प्रतिशत डीए का एरियर्स जुलाई 2021 से जुलाई 2022 तक का खाते में जमा किया जाएगा। शेष 3 प्रतिशत दीवाली के पहले देने का आश्वासन मिला है। अन्य मांगों को लेकर कमेटी का गठन किया जाएगा। यह आश्वासन मिलने के बाद बालोद के मंच में फेडरेशन के जिला संयोजक मधुकांत यदु ने हड़ताल को स्थगित करते हुए सभी कर्मचारियों को काम में लौटने सूचना दी।
कॉलेज में प्रवेश, लंबित 95% आवेदन आय, जाति प्रमाण पत्र के
जिले के कॉलेजों में प्रवेश का दौर जारी है। इसके अलावा स्कूलों में छात्रवृत्ति योजना के लिए प्रमाण जरूरी है। लिहाजा आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लगभग 95% आवेदन मिले है। जो लंबित है। जरूरी सेवाओं के लिए लोक सेवा केंद्रों में अधिकांश लोग पहुंचते है।
लोक सेवा गारंटी के तहत ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण, अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र, आय, निवास प्रमाण पत्र, पेंशन योजना, ई-कोर्ट केस पंजीकरण, विवाह प्रमाण पत्र सुधार, जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, दुकान एवं स्थापना पंजीयन प्रमाण पत्र, भवन निर्माण अनुज्ञा, विधवा पेंशन योजना आदि के लिए आवेदन मिलते हैं।
जानिए... हड़ताल ब्रेक होने के पहले 22 अगस्त से 2 सितंबर तक जिले भर में कहां कितने आवेदन लंबित
डौंडी लोहारा तहसील: 1429 आवेदन लंबित है। इनमें आय प्रमाण पत्र के 821, मूल निवास के 241, जाति प्रमाण पत्र के 302 आवेदन शामिल है।
- गुंडरदेही तहसील: कुल 812 आवेदन लंबित है। इनमें आय प्रमाण पत्र के 353, मूल निवास के 232, जाति प्रमाण पत्र के 243 आवेदन शामिल है।
- गुरूर तहसील: 961 आवेदन लंबित है। इनमें आय प्रमाण पत्र के 508, मूल निवास के 208, जाति प्रमाण पत्र के 213 आवेदन शामिल है।
- बालोद तहसील: 283 आवेदन लंबित है। इनमें आय प्रमाण पत्र के 174, मूल निवास के 47, जाति प्रमाण पत्र के 44 आवेदन शामिल है।
- डौंडी तहसील: 719 आवेदन लंबित है। इनमें आय प्रमाण पत्र के 519, मूल निवास के 109, जाति प्रमाण पत्र के 71 आवेदन शामिल है।
- अर्जुन्दा तहसील: 508 आवेदन लंबित है। इनमें आय प्रमाण पत्र के 215, मूल निवास के 143, जाति प्रमाण पत्र के 110 आवेदन शामिल है।
- नगरीय निकाय: नपा बालोद में 3 और दल्लीराजहरा में 4 आवेदन लंबित है। इसी तरह नगर पंचायत गुंडरदेही में 8, चिखलाकसा में 3, गुरूर में एक, अर्जुन्दा में एक आवेदन लंबित है। डौंडी व डौंडी लोहारा में एक भी आवेदन लंबित नहीं है।
(आंकड़ा- ई डिस्ट्रिक्ट वेबसाइट के अनुसार)
अब आगे क्या- आज व कल प्रमाण पत्र जारी नहीं होगा सोमवार से कामकाज शुरू होगा, पेंडेंसी कम होती जाएगी
शनिवार व रविवार को सरकारी कार्यालय बंद होने की वजह से प्रमाण पत्र जारी नहीं होगा। सोमवार से कामकाज शुरू होने के साथ ही लोगों को राहत मिलने का अनुमान है। शनिवार को 1420 स्कूलों में व्यायाम, पढ़ाई संबंधित अन्य गतिविधियां होगी। अब आगे काम में तेजी आने के पश्चात कार्यालयों में पेंडेंसी भी कम होती जाएगी।