*तहसील साहू संघ दल्ली राजहरा की विशाल कार्यशाला एवं आम सभा संपन्न, एकता - शिक्षा - राजनीति पर मंथन*
तहसील साहू संघ दल्ली राजहरा के द्वारा साहू सदन, बस स्टैंड में विशाल तहसील स्तरीय सामाजिक कार्यशाला एवं आम सभा 2026 का आयोजन शनिवार को किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला साहू संघ बालोद के अध्यक्ष महेंद्र साहू ने की। कार्यक्रम में सबसे पहले समाज की आराध्य देवी भक्त शिरोमणि मां कर्मा के तैल चित्र पर पूजा-अर्चना की गई, इसके बाद समाज के ध्वज का ध्वजारोहण किया गया। अतिथियों का स्वागत साल एवं श्रीफल से किया गया।
मंच संचालन गोविंद राम साहू उपाध्यक्ष ने किया, आभार प्रदर्शन विमला साहू उपाध्यक्ष ने किया। भोजन व्यवस्था खूब लाल साहू संगठन सचिव के द्वारा संपन्न हुई।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से गोपाल साहू कोषाध्यक्ष प्रदेश साहू संघ छत्तीसगढ़, किशोरी लाल साहू कार्यकारी अध्यक्ष जिला साहू संघ बालोद, तोरण लाल साहू पूर्व अध्यक्ष तहसील साहू संघ दल्ली राजहरा, टूमन लाल साहू उपाध्यक्ष जिला साहू संघ बालोद, नेतराम साहू संयोजक न्याय प्रकोष्ठ जिला साहू संघ बालोद उपस्थित थे।
*शीतल साहू -तहसील साहू संघ के सभी प्रकोष्ठ के साथ हम सभी 15 परिक्षेत्र को लेकर चलते हैं*
तहसील अध्यक्ष शीतल साहू ने स्वागत भाषण में कहा कि यह कार्यशाला एवं आम सभा इस वर्ष का ऐतिहासिक क्षण है क्योंकि आज ही के दिन 31 अक्टूबर 2025 को पदभार ग्रहण करने के ठीक एक वर्ष बाद आयोजन हो रहा है अभी तक की इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ तहसील साहू संघ दल्ली राजहरा तहसील के सभी प्रकोष्ठ - युवा प्रकोष्ठ, महिला प्रकोष्ठ एवं न्याय प्रकोष्ठ के साथ-साथ पूरे 15 परिक्षेत्र के सदस्यों को लेकर चलता है। हम अपने कार्यक्रम सभी के सहयोग से संपन्न करते हैं। विगत वर्ष कर्मा जयंती के शुभ अवसर पर दल्ली राजहरा के पूरे 1000 परिवारों को भक्त माता कर्मा का तैल चित्र प्रदान किया गया ताकि अपने कुलदेवी संत माता कर्मा के प्रति श्रद्धा एवं आस्था बना रहे
उन्होंने कहा - महिलाओं के द्वारा प्रतिवर्ष तीज मिलन एवं होली मिलन का कार्यक्रम कराया जाता है। इस वर्ष 15 अगस्त 2026 को युवा प्रकोष्ठ के द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 47 यूनिट रक्तदान हुआ।
समाज के प्रत्येक परिवार को जोड़ने का हम अथक प्रयास कर रहे हैं। समाज की कुरीतियों, नशाखोरी, शादी में फिजूल खर्ची को खत्म करने के लिए जागरूकता पैदा करने हम प्रत्येक परिवार के पास जा रहे हैं। साथ ही प्रतिभावान बच्चों को प्रोत्साहित करने का कार्यक्रम निरंतर चल रहा है।
राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त, 26 जनवरी, कृष्ण जन्माष्टमी, मां कर्मा जयंती के साथ-साथ विभिन्न परिक्षेत्र में पारिवारिक मिलन समारोह में तहसील साहू संघ का पूरा योगदान रहता है।
*गोपाल साहू - परिवार न टूटे, तभी समाज मजबूत होगा*
प्रदेश कोषाध्यक्ष गोपाल साहू ने कहा कि हमारा साहू समाज छत्तीसगढ़ में सबसे संगठित समाज के रूप में जाना जाता है, इसे बनाए रखना है।
उन्होंने कहा - हमारे समाज के बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, वैज्ञानिक, पटवारी, शिक्षक, पुलिस, सेना, तहसीलदार जैसे उच्च पदों पर कैसे आगे बढ़ें, इसके लिए हमें विचार करना होगा। आप जिस भी क्षेत्र में सेवा दे रहे हैं, अपने समाज के बेटे-बेटियों को आगे बढ़ाने में मदद कीजिए।
समाज में परिवार न टूटे, इसके लिए पूरा प्रयास करना होगा। समाज आगे बढ़े, भाई-भाई के बीच बंटवारा न हो, तभी हम श्रेष्ठ और मजबूत समाज बना पाएंगे।
*राजनीतिक दलों में समाज की भूमिका* विषय पर उन्होंने कहा - राजनीतिक क्षेत्र में समाज के व्यक्ति आगे बढ़ेंगे, तभी समाज का विकास होगा। आपके समाज के पदाधिकारी राजनीतिक पदों में होंगे, तभी आपके समाज के बारे में सोचेंगे। कोई भी व्यक्ति जो आपका समाज का हो, जिसे आप जानते हो या ना भी जानते हो, यदि वह किसी भी चुनाव के लिए प्रत्याशी बनता है तो उसे जिताने का भरपूर प्रयास करें। वह जीतकर राजनीति में आएगा तो वास्तव में आपके समाज के लिए सोचेगा।
उन्होंने दो उदाहरण देकर बताया कि एक समाज के व्यक्ति ने अपने अंजान प्रत्याशी को जिताने के लिए घर-घर से सहयोग राशि एकत्र कर मदद की।
उन्होंने कहा - हमारी आराध्य देवी, हमारे समाज की बेटी संत शिरोमणि मां कर्मा, जिनकी खिचड़ी खाने के लिए भगवान जगन्नाथ मंदिर से निकलकर उनकी झोपड़ी में आए थे, वह हमारी आदर्श होनी चाहिए, ना कि दूसरे धर्म के देवी-देवता। समाज में विभिन्न धर्मगुरु आकर आपको आपकी आराध्या मां कर्मा से विमुख करने का प्रयास करते हैं, उससे सावधान रहें। अपने घरों में भक्त मां कर्मा का फोटो लगाइए, अपने बच्चों को परिवार को उनकी शक्ति और भक्ति के बारे में अवश्य बताइए।
*किशोरी लाल साहू - बटोगे तो कटोगे, एक रहोगे तो सुरक्षित रहोगे*
कार्यकारी अध्यक्ष किशोरी लाल साहू ने कहा - हम शिक्षा और व्यापार के क्षेत्र में अच्छे हैं, लेकिन राजनीतिक क्षेत्र में हम पिछड़ जाते हैं। जिसका सीधा कारण है कि हम अलग-अलग विचारधारा में बंटे हुए हैं, यही हमारे समाज की कमजोरी है। जिसके कारण दिल्ली से फरमान जारी हुआ था कि पिछला मुख्यमंत्री ताम्रध्वज साहू बनेंगे, लेकिन राजनीतिक कारणों से वह नहीं बन पाए। हम राजनीति में एक नहीं हो पा रहे हैं। सबसे बड़े समाज वाला साहू समाज अपना बड़े पदाधिकारी नहीं बना पा रहा है।
उन्होंने कहा - चाहे कोई भी चुनाव हो, चाहे किसी भी पार्टी का हो, यदि साहू समाज का व्यक्ति खड़ा हो तो उसे जिताने के लिए भरपूर प्रयास करिए। आप अपने समाज के व्यक्ति को चुनिए और लोगों को भी प्रोत्साहित करिए कि आपके समाज के व्यक्ति को वोट दें। समाज में एकता बनाए रखने के लिए हम सबको एक होकर चलना होगा।
अंत में उन्होंने कहा कि जिला साहू संघ बालोद के द्वारा *युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन 13 दिसंबर 2026 को* किया जाएगा । इसमें विवाह योग्य युवक-युवती का परिचय सम्मेलन होगा। आप विवाह योग्य बच्चों को उस सम्मेलन में लेकर आएं और योग्य वर-वधू तलाश में समय की बचत के लिए आयोजित इस परिचय सम्मेलन का भरपूर फायदा उठाएं। साथ ही उन्होंने समाज के द्वारा विवाह योग्य युवक-युवती की जानकारी के लिए छपने वाली तैलिक ज्योति पुस्तक के संबंध में भी जानकारी दी।
*टूमन लाल साहू - पहले निम्न सदन, फिर उच्च सदन*
उपाध्यक्ष टूमन लाल साहू ने समाज में न्याय प्रक्रिया के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि निम्न सदन से उच्च सदन में जैसे ग्रामीण, परिक्षेत्र, तहसील या जिले में आवेदन देने से पहले निम्न सदन के पदाधिकारी को जानकारी देना अति आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि समाज में लोक अदालत जिसे हम राजीनामा के रूप में मानते हैं, इस प्रक्रिया में विवादों का निपटारा करना चाहिए, जिसमें दोनों पक्ष आपसी सहमति के आधार पर समाज के बीच में न्याय प्राप्त करते हैं, जिससे समाज में सामाजिक समरसता भी बनी रहती है।
*तोरण लाल साहू - युवा ही समाज की रीढ़ हैं*
पूर्व अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने कहा कि हमारे पास हमारे साहू समाज का भवन भी नहीं था। सर्वप्रथम युवा प्रकोष्ठ का गठन किया गया, जिसमें मैं सबसे पहला अध्यक्ष बना। हम लोग पूरे 15 परिक्षेत्र के युवाओं को जोड़ने के लिए पहले युवा सम्मेलन करवाए। उस समय तत्कालीन संस्कृति मंत्री धनेंद्र साहू जी हमारे मुख्य अतिथि थे।
युवा समाज में अपनी पकड़ मजबूत करें। सभी परिक्षेत्र में युवा हर सामाजिक कार्यक्रम में आगे बढ़कर आएं। समाज में सिर्फ बेटे ही नहीं, बिटिया को भी जोड़ें। समाज के सभी कार्यक्रम में युवा वर्ग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने से अपने समाज की रीति-रिवाज को पहचानेंगे, अपनी संस्कृति को पहचानेंगे। हमें अपने बच्चों को अपनी आराध्य देवी भक्त मां कर्मा, वीर भामाशाह, राजिम लोचन की कहानी, उनकी महत्ता को बताना होगा, तभी हमारी समाज के नियम परंपरा एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक जा पाएगी।
*नेतराम साहू - न्याय घर से शुरू होता है*
संयोजक न्याय प्रकोष्ठ नेतराम साहू ने कहा कि हमारे समाज में न्याय व्यवस्था की गई है, जहां जो भी व्यक्ति समाज के नियमों के विरुद्ध कार्य करता है, उसे रोकने के लिए समाज ने एक व्यवस्था बनाकर दी है, जिसे पांच भागों में बांटा गया है - घर, गांव, परिक्षेत्र, जिला और प्रदेश।
बहुत ही कम ऐसा मामला होता है जो प्रदेश तक जाता है। हमारी न्याय प्रणाली कहती है कि जितनी भी व्यवस्थाएं हैं, इन्हें नीचे स्तर पर ही खत्म किया जाए। साथ ही उन्होंने सगोत्र प्रकरण, अंतर धर्म, अंतर जाति विवाह से बचने के लिए भी जानकारी दी।
*सचिव प्रतिवेदन - राजेश कुमार साहू*
सचिव राजेश कुमार साहू ने प्रतिवेदन पढ़ा। उन्होंने बताया कि पिछले 1 वर्ष में टीम के द्वारा विभिन्न आयोजन कराए गए हैं। जिसमें गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस पर कर्मा मंदिर के साथ साहू सदन में ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम संपन्न होता है। कृष्ण जन्माष्टमी, तीज मिलन समारोह एवं होली मिलन समारोह भी महिलाओं के द्वारा बेहतरीन आयोजन किया गया।
15 अगस्त 2026 को युवाओं के द्वारा रक्तदान शिविर में 47 यूनिट रक्तदान हुआ। इस वर्ष 7 जनवरी 2026 को राजिम जयंती के अवसर पर दल्ली राजहरा से दो बसों में समाज के 120 सदस्यों - महिलाओं, पुरुषों एवं युवाओं को लेकर टीम राजिम पहुंची थी।
तहसील साहू संघ के द्वारा पाप मोचन एकादशी के अवसर पर विशाल कर्मा जयंती का दो दिवसीय आयोजन संपन्न हुआ, जहां विभिन्न वर्गों के छह जोड़ों का निशुल्क आदर्श विवाह भी कराया गया।
युवाओं को समाज से जोड़ने, उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने वाले युवाओं को समाज के द्वारा समय-समय पर पुरस्कृत भी किया जाता है। इसी क्रम में ग्राम ढोरी ठेमा के सैनिक भोज राम साहू को राष्ट्रपति के द्वारा शौर्य चक्र से सम्मानित करने पर तहसील साहू संघ के द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया गया। साहू सदन की छत की मरम्मत का कार्य भी कराया गया
कोषाध्यक्ष घनाराम साहू के द्वारा विगत एक वर्ष में किए गए विभिन्न कार्यों में हुए खर्चों की विस्तार से जानकारी दी गई।
*80 वर्ष के बुजुर्ग का सम्मान - कार्यक्रम की सबसे बड़ी झलक*
समस्त कार्यक्रम में एक विशेष बात देखने को मिली - वार्ड क्रमांक 17 पावर हाउस, पुराना बाजार क्षेत्र से लगभग 80 वर्ष के व्यक्ति जो तहसील स्तरीय कार्यशाला एवं आम सभा में उपस्थित होने लगभग 5 किलोमीटर से साइकिल से आए, समाज के प्रति उनके समर्पण और इस उम्र में जज्बे को देखते हुए साल एवं श्रीफल से सम्मानित किया गया। साथ ही समाज के सभी अतिथियों का साल एवं श्रीफल देकर सम्मान किया गया।