*ग्राम भरुवाडीह कला में भक्तिमय माहौल में मां दुर्गा को दी गई भावपूर्ण विदाई*
ग्राम भरुवाडीह कला में मां दुर्गा का विसर्जन श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर गांव के भक्तगण एवं श्रद्धालु जस गीत, सेवा गीत तथा ढोल-मंजीरे की मधुर धुनों के साथ माता रानी की आराधना करते हुए विसर्जन यात्रा में शामिल हुए। माता रानी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
श्रद्धालुओं ने नम आंखों और भरे मन से मां दुर्गा को विदाई दी तथा अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना की। विसर्जन के दौरान भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। मां दुर्गा की आराधना और सामूहिक सहभागिता ने गांव में धार्मिक आस्था, आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सामाजिक एकता की भावना को और मजबूत किया। इस अवसर पर शिक्षक
धीरेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि मां दुर्गा का पर्व हमारी धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सनातन संस्कृति का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और पारस्परिक सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करते हैं। माता रानी की विदाई भले ही भावुक क्षण हो, लेकिन भक्तों के मन में उनके अगले वर्ष पुनः आगमन की आशा और विश्वास सदैव बना रहता है। उन्होंने मां दुर्गा से प्रार्थना की कि ग्राम भरुवाडीह कला सहित समस्त क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली बनी रहे तथा सभी ग्रामवासियों के जीवन में सकारात्मकता और आनंद का संचार हो।