*डिलीवरी बॉय वजन करने से मना करे तो न लें सिलेंडर,गैस चोरी के खिलाफ भाजपा नेता डॉ. प्रतीक उमरे ने खोला मोर्चा*
*डिलीवरी बॉय वजन करने से मना करे तो न लें सिलेंडर,गैस चोरी के खिलाफ भाजपा नेता डॉ. प्रतीक उमरे ने खोला मोर्चा*
दुर्ग नगर निगम के पूर्व एल्डरमैन भाजपा नेता डॉ. प्रतीक उमरे ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों में हो रही गैस चोरी (पिलफरेज) और अवैध रिफिलिंग के मामलों पर गहरी चिंता व्यक्त की है। डॉ. प्रतीक उमरे ने आम जनता से अपील की है कि वे जागरूकता का परिचय दें और डिलीवरी बॉय से सिलेंडर लेते समय उसे अनिवार्य रूप से तौल कर ही लें।डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा कि पिछले कुछ समय से कुछ गैस एजेंसियों के डिलीवरी बॉय सुनसान रास्तों या खाली मैदानों में गाड़ियां खड़ी करके बड़े घरेलू सिलेंडरों से अवैध नोजल के जरिए गैस निकालकर छोटे या व्यावसायिक सिलेंडरों में भरते हैं।यह न केवल सीधे तौर पर आम उपभोक्ताओं की जेब पर डाका है, बल्कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से एक टाइम बम की तरह है।खुले में बिना सुरक्षा मानकों के गैस ट्रांसफर करने से बड़ी दुर्घटना या भयानक ब्लास्ट हो सकता है,जिससे जान-माल का भारी नुकसान होने का खतरा हमेशा बना रहता है।चंद पैसों के लालच में कुछ गैस एजेंसियों और उनके डिलीवरी बॉयज की मिलीभगत से जनता को सीधे तौर पर ठगने का एक बड़ा खेल चल रहा है।मेहनत की कमाई से भारी-भरकम कीमत चुकाकर गैस खरीदने वाले आम उपभोक्ताओं की पीठ में यह छुरा घोंपने जैसा है।इस विषय पर जनता को जागरूक होने की आवश्यकता है।डॉ. प्रतीक उमरे ने जिला प्रशासन एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों से इस अवैध कारोबार पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की है।उन्होंने कहा कि प्रशासन को एक विशेष उड़नदस्ता गठित कर संदिग्ध ठिकानों और गैस डिलीवरी वाहनों की औचक जांच करनी चाहिए।गैस चोरी में संलिप्त पाए जाने वाले हॉकर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए और संबंधित गैस एजेंसियों के लाइसेंस निरस्त करने जैसी कड़ी कार्रवाई की जाए।
डॉ. प्रतीक उमरे ने उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि:
1. नियम के मुताबिक हर एलपीजी डिलीवरी वाहन में वजन तौलने की मशीन होना अनिवार्य है।उपभोक्ता का यह वैधानिक अधिकार है कि वह डिलीवरी लेते समय सिलेंडर का वजन करवाए।
2. एक भरे हुए घरेलू गैस सिलेंडर का कुल वजन लगभग 30 किलोग्राम होना चाहिए (जिसमें 14.2 किलोग्राम नेट गैस और लगभग 15.6 से 15.8 किलोग्राम सिलेंडर के लोहे का खाली वजन शामिल होता है, जो सिलेंडर पर लिखा होता है)।
3. यदि कोई डिलीवरी बॉय वजन करने से मना करता है या सिलेंडर में गैस कम पाई जाती है,तो उपभोक्ता तुरंत उसकी डिलीवरी लेने से इनकार करें।