बस्तर अंचल को बड़ी सौगात: रायपुर से रावघाट के बीच दौड़ेगी मेमू ट्रेन, 12 अक्टूबर से सफर शुरू
रायपुर/बिलासपुर:
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों, खासकर बस्तर और आसपास के वनांचल क्षेत्रों के लिए एक बड़ी खुशखबरी दी है। दल्ली राजहरा–रावघाट नई रेल लाइन परियोजना के तहत तरोकी से रावघाट के बीच 17.675 किमी लंबे नए विद्युतीकृत रेलखंड का काम पूरा होने के बाद अब इस रूट पर बहुप्रतीक्षित मेमू (MEMU) यात्री ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है।
इस नई सेवा की शुरुआत 12 अक्टूबर 2026 को उद्घाटन स्पेशल ट्रेन से होगी, जबकि 13 अक्टूबर से यह ट्रेन नियमित रूप से पटरियों पर दौड़ने लगेगी।
12 अक्टूबर को रवाना होगी उद्घाटन स्पेशल (ट्रेन नं. 06768)
उद्घाटन के दिन विशेष मेमू ट्रेन (06768) दोपहर 02:15 बजे रायपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन दुर्ग, बालोद, दल्ली राजहरा, भानुप्रतापपुर, अंतागढ़ और तरोकी होते हुए रात 08:00 बजे रावघाट पहुंचेगी।
13 अक्टूबर से नियमित टाइम-टेबल (सप्ताह में 6 दिन)
यह नियमित मेमू सेवा शनिवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन संचालित की जाएगी:
-
ट्रेन नंबर 68769 (रावघाट से रायपुर):
- प्रस्थान: सुबह 06:30 बजे रावघाट से
- प्रमुख ठहराव: अंतागढ़ (07:01 बजे), दल्ली राजहरा (08:02 बजे), बालोद (08:28 बजे), दुर्ग (11:30 बजे)
- आगमन: दोपहर 01:05 बजे रायपुर
-
ट्रेन नंबर 68768 (रायपुर से रावघाट):
- प्रस्थान: दोपहर 01:20 बजे रायपुर से
- प्रमुख ठहराव: दुर्ग (दोपहर 02:30 बजे), बालोद (शाम 04:06 बजे), दल्ली राजहरा (शाम 04:40 बजे), अंतागढ़ (शाम 05:50 बजे)
- आगमन: शाम 07:00 बजे रावघाट
सफर होगा आसान, विकास को मिलेगी रफ्तार
80 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति क्षमता वाले इस नए रेलखंड के शुरू होने से बस्तर के सुदूर क्षेत्रों का राजधानी रायपुर और दुर्ग-भिलाई जैसे प्रमुख औद्योगिक केंद्रों से सीधा संपर्क जुड़ जाएगा। इससे न केवल स्थानीय ग्रामीणों, छात्रों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को सस्ती और तेज यात्रा का विकल्प मिलेगा, बल्कि पूरे क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।