*सेवा संकल्प अभियान से गूंजा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इल्दा, न्योता भोज के साथ विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा*
*सेवा संकल्प अभियान से गूंजा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इल्दा, न्योता भोज के साथ विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा*
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इल्दा में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत न्योता भोज, भाषण प्रतियोगिता, ड्राइंग एवं चित्रकला सहित विविध रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर हाई स्कूल एवं मिडिल स्कूल स्तर के विद्यार्थियों के बीच भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा एवं विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सरपंच धनेश साहू, प्राथमिक शाला विकास समिति के अध्यक्ष चरण साहू एवं प्राचार्य चांदनी यदुवंशी द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सरपंच
धनेश साहू द्वारा विद्यार्थियों को मिठाई एवं फल वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर सरपंच धनेश साहू ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान समाज में सेवा, सहयोग और राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करने का माध्यम है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव को विद्यार्थियों एवं समाज के बीच रचनात्मक गतिविधियों के साथ मनाना प्रेरणादायी पहल है। प्राचार्य चांदनी यदुवंशी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान विद्यार्थियों में सेवा, जिम्मेदारी, रचनात्मकता और राष्ट्र के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का अवसर प्रदान करता है; ऐसे आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा को मंच मिलने के साथ उनमें सामाजिक सरोकार की भावना भी विकसित होती है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षकों का सक्रिय एवं सराहनीय सहयोग रहा। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला छड़िया के प्रधान पाठक धीरेंद्र कुमार वर्मा ने आयोजन की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार, आयोजकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं और कहा कि विद्यार्थियों को केंद्र में रखकर आयोजित ऐसे कार्यक्रम शिक्षा के साथ संस्कार एवं सामाजिक चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।