बेमेतरा:-श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं प्रतिमा अनावरण समारोह में शामिल हुए आशीष छाबड़ा
लावातरा (ढा), लेंजवारा एवं टकसिवा में यादव समाज व ग्रामवासियों ने श्रद्धा-भक्तिभाव से मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
मेघू राणा बेमेतरा।बेमेतरा विधानसभा अंतर्गत ग्राम पंचायत लावातरा (ढा), लेंजवारा एवं टकसिवा में यादव समाज एवं समस्त ग्रामवासियों द्वारा श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ भगवान श्रीकृष्ण जी के जन्मोत्सव महोत्सव एवं श्रीकृष्ण जी की मूर्ति अनावरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा जी ने सम्मिलित होकर भगवान श्रीकृष्ण जी की पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की।
ग्राम पंचायत लेंजवारा में भगवान श्रीकृष्ण जी की दिव्य प्रतिमा की स्थापना एवं अनावरण आशीष छाबड़ा जी के द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में यादव समाज के पदाधिकारी, सामाजिकजन एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर आशीष छाबड़ा जी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण जी की प्रतिमा का स्थापित होना पूरे ग्राम एवं क्षेत्र के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है। भगवान श्रीकृष्ण ने हमें सत्य, धर्म, प्रेम, करुणा और कर्म का मार्ग दिखाया है। उनके आदर्श एवं संदेश आज भी हम सभी के जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। हमें उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और एकता को मजबूत करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जी का जीवन हमें यह संदेश देता है कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, सत्य और धर्म के मार्ग से कभी विचलित नहीं होना चाहिए। कर्म को प्रधान मानकर समाज एवं क्षेत्र की उन्नति के लिए निरंतर प्रयास करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण जी से समस्त ग्रामवासियों के सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि यह पावन आयोजन सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का सुंदर प्रतीक है। यादव समाज के सामुदायिक भवन के लिए 6.50 लाख रुपये की स्वीकृति का किया स्मरण इस अवसर पर ग्राम पंचायत लावातरा (ढा) के ग्रामीणों एवं यादव समाज के लोगों ने पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा के कार्यकाल के दौरान वर्ष 2022 में यादव समाज के सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 6.50 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान किए जाने को याद करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने बताया कि स्वीकृत राशि से सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जो आज सामाजिक आयोजनों के लिए महत्वपूर्ण उपयोगी स्थल बन चुका है। ग्रामवासियों ने कहा कि सामुदायिक भवन के निर्माण से यादव समाज एवं ग्रामीणों को सामाजिक, धार्मिक एव सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिली है। इसके लिए उन्होंने आशीष छाबड़ा जी के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
आशीष छाबड़ा जी ने कहा कि क्षेत्र के विकास एवं समाज की आवश्यकताओं को पूरा करना सदैव उनकी प्राथमिकता रही है। समाज के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाओं एवं सामुदायिक परिसंपत्तियों का निर्माण क्षेत्र की सामाजिक एकता और विकास को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि आगे भी जनहित एवं क्षेत्रहित के कार्यों के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
उन्होंने भव्य एवं भक्तिमय आयोजन के लिए यादव समाज एवं समस्त ग्रामवासियों का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करते हुए सभी को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में रवि परगनिहा, लोकनाथ यादव, रामसिंग वर्मा, सुरेश साहू, परेटु गोंड, योगेंद्र सेन, खेमराज साहू, उमाशंकर पाटिल, संदीप टिकरिहा, हरीश चंद यादव, राजेश नायक, बलराम साहू, शरद साहू, चेतन साहू, मोहित साहू, डिगेश्वरी साहू, प्रमोद गौसेवक, जोईधा वर्मा, पुरुषोत्तम यादव, प्रकाश यादव, चिंताराम यादव, प्रवीण चंद सुराना, हिरेंद्र बघेल, अनिल यादव सहित यादव समाज के वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधिगण, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।