*नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स-फ्री किया जाए — डॉ. प्रतीक उमरे*
*नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स-फ्री किया जाए — डॉ. प्रतीक उमरे*
दुर्ग नगर निगम के पूर्व एल्डरमैन भाजपा नेता डॉ. प्रतीक उमरे ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से नीम करौली बाबा के जीवन, आध्यात्मिक विचारों और सेवा-संदेश पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स-फ्री किए जाने का आग्रह किया है।डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा कि संत नीम करौली बाबा भारतीय आध्यात्मिक परंपरा के ऐसे संत रहे हैं, जिनका जीवन भक्ति,सेवा, मानवता और सरल आध्यात्मिक जीवन का प्रेरणादायी उदाहरण माना जाता है।उनके जीवन और विचारों को बड़े पर्दे के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है,बल्कि भारतीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से युवाओं को जोड़ने का माध्यम भी बन सकता है।उन्होंने कहा कि आज के समय में युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति,संत परंपरा और सेवा भाव से जोड़ने वाली सकारात्मक एवं प्रेरणादायी सामग्री को प्रोत्साहित किया जाना आवश्यक है। ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्म श्रद्धा, सेवा, आध्यात्मिकता और मानवीय मूल्यों का संदेश समाज तक पहुंचाती है, राज्य सरकार द्वारा इसे प्रोत्साहन दिया जाना उचित होगा।छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम की माता कौशल्या की जन्मभूमि और रामायण की गहरी सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा प्रदेश है।यहां भगवान हनुमान के प्रति भी करोड़ों लोगों की गहरी आस्था है।ऐसे में हनुमान भक्ति और संत परंपरा से जुड़े विषय पर बनी फिल्म को राज्य में प्रोत्साहन देना छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक चेतना के अनुरूप होगा।