मोदी के 25 वर्ष के सेवा संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
बालोद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा समर्पण एवं सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा जिला कार्यशाला का आयोजन भाजपा जिला कार्यालय जुगेरा, बालोद में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं राष्ट्रगीत के साथ हुआ।
कार्यशाला में मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख, जिला प्रभारी संध्या परगनिहा सहित यज्ञदत्त शर्मा, पवन साहू, राकेश छोटु यादव, सौरभ लुनिया, लेखराम साहू, वीरेंद्र साहू, तारणी चंद्राकर, नरेश यदु सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संगठन के सभी कार्यक्रमों की जानकारी सरल ऐप पर अपलोड की जाएगी तथा शक्ति केंद्र स्तर पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। शक्ति केंद्र प्रभारियों को कार्यक्रमों की जानकारी फोन के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि देश को ऐसा नेतृत्व मिला है, जिसका जीवन पल-पल और कण-कण राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल और देश में आए परिवर्तन को जनता के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि बालोद आकर पुराने साथियों से मिलने का अवसर मिला है। सेवा समर्पण अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना संगठन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत बूथ स्तर पर दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों की जानकारी नागरिकों के साथ साझा की जाएगी। प्रत्येक बूथ पर प्रभारी नियुक्त कर कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से संचालित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक स्कूली बच्चों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। ड्राइंग एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों में राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत की भावना को मजबूत किया जाएगा। ‘कहानी बदलाव की’ अभियान के तहत प्रधानमंत्री आवास सहित केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियां एवं वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर साझा किए जाएंगे। प्रत्येक शक्ति केंद्र से ऐसी 10 कहानियां तैयार करने का लक्ष्य रखा जाएगा।
कार्यशाला में ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के अंतर्गत स्कूलों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जनभागीदारी से सेवा कार्य करने, सेवानिवृत्त बुजुर्गों, स्थानीय कलाकारों एवं समाज के प्रतिष्ठित नागरिकों को अभियान से जोड़ने पर भी चर्चा हुई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान, बच्चों एवं माताओं की सहभागिता, बच्चों को मिठाई एवं फलों का वितरण तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पत्र लाभार्थियों को भेंट करने जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत गांव-गांव एवं जिला स्तर पर छोटी-छोटी यात्राएं निकाली जाएंगी, जो आगे चलकर एक विशाल यात्रा का रूप लेंगी। मशाल लेकर 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रमों में स्थानीय नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा स्थानीय स्तर पर सेवा कार्य करने वाली टोलियों को सम्मानित करने का निर्णय भी लिया गया।
कार्यशाला में बताया गया कि जिला स्तर पर टीम गठित की जाएगी तथा शासन द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों को सफल बनाया जाएगा। प्रदेश संगठन से प्राप्त निर्देशों एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुसार सभी कार्यक्रमों की पूर्व सूचना स्थानीय नागरिकों को देकर अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम आभार व्यक्त टिनेश्वर बघेल जी ने किया।