बेमेतरा:-बिजली के बढ़ते दाम और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का जोरदार धरना-प्रदर्शन : आशीष छाबड़ा
बेमेतरा:-बिजली के बढ़ते दाम और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का जोरदार धरना-प्रदर्शन : आशीष छाबड़ा
मेघू राणा बेमेतरा।छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार एवं जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा के नेतृत्व में, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बेमेतरा के तत्वावधान में बिजली के बढ़ते दाम, स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं पर पड़ रहे अतिरिक्त आर्थिक बोझ तथा प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत बेमेतरा विधानसभा अंतर्गत ग्राम पंचायत मटका में ब्लॉक स्तरीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा के अध्यक्ष आशीष छाबड़ा, ब्लॉक प्रभारी सुमन गोस्वामी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बेमेतरा के अध्यक्ष मिथलेश वर्मा एवं जिला पंचायत सदस्य शशि प्रभा गायकवाड सहित कांग्रेसजन एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए आशीष छाबड़ा ने कहा कि बिजली आम जनता की मूलभूत आवश्यकता है, कोई विलासिता नहीं। प्रदेश सरकार द्वारा लगातार बिजली के दामों में वृद्धि किए जाने से गरीब, किसान, मजदूर, मध्यमवर्गीय परिवारों और छोटे व्यवसायियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता के लिए बिजली के बढ़े हुए बिल दोहरी मार साबित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम उपभोक्ताओं को राहत देने के बजाय नई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई उपभोक्ताओं में अधिक बिजली बिल आने को लेकर असंतोष है। सरकार को उपभोक्ताओं की समस्याओं का तत्काल निराकरण करना चाहिए तथा बिजली के बढ़े हुए दाम वापस लेकर स्मार्ट मीटर के स्थान पर पुराने सामान्य मीटर लगाने की दिशा में निर्णय लेना चाहिए। आशीष छाबड़ा ने कहा कि कांग्रेस का यह आंदोलन किसी राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि आम जनता के हक, अधिकार और आर्थिक हितों की लड़ाई है। कांग्रेस पार्टी हमेशा जनहित के मुद्दों पर जनता के साथ खड़ी रही है। बिजली के बढ़े हुए दाम वापस लेने, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना पुनः लागू करने, स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग को लेकर कांग्रेस का संघर्ष आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक आम जनता को राहत नहीं मिलती, कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक जनता की आवाज मजबूती से उठाती रहेगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बेमेतरा के अध्यक्ष मिथलेश वर्मा ने कहा कि बिजली के बढ़ते दाम और स्मार्ट मीटर को लेकर आम जनता में व्यापक असंतोष है। कांग्रेस जनहित के इस मुद्दे को लेकर गांव-गांव तक आवाज बुलंद करेगी और उपभोक्ताओं के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
ब्लॉक प्रभारी सुमन गोस्वामी ने कहा कि प्रदेश सरकार को आम जनता की परेशानियों को गंभीरता से लेना चाहिए। बिजली के बढ़े हुए दाम वापस लेने और स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों का तत्काल निराकरण करने की आवश्यकता है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
जिला पंचायत सदस्य शशि प्रभा गायकवाड ने भी धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए बिजली के बढ़ते दाम और स्मार्ट मीटर की व्यवस्था से आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहे आर्थिक बोझ पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की समस्याओं का समाधान करते हुए बिजली उपभोक्ताओं को तत्काल राहत प्रदान करनी चाहिए। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए बिजली के बढ़े हुए दाम वापस लेने, स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने तथा आम उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों ने प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस अवसर पर ललित विश्वकर्मा .ॠषि वर्मा मोहित वर्मा राजेंद्र वर्मा वर्मा शिव वर्मा योगिता साहू प्रज्वल वर्मा अमित वर्मा अनिल दुबे चित्रेन्द्र वर्मा बसंत जोशी महानंद वर्मा अनिल यदु पवन साहू राजकुमार बंजारे संजय वर्मा नरेंद्र निषाद छोटू साहू सूरज कोसले सुखराम वर्मा हीरालाल यदू राजू रजक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।