बिजली के बढ़ते दाम और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का जोरदार धरना-प्रदर्शन एवं पुतला दहन : आशीष छाबड़ा
बिजली के बढ़ते दाम और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का जोरदार धरना-प्रदर्शन एवं पुतला दहन : आशीष छाबड़ा
मेघू राणा बेमेतरा।छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार एवं जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा के नेतृत्व में, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बेरला के तत्वाधान में बिजली के बढ़ते दाम, स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं पर पड़ रहे अतिरिक्त आर्थिक बोझ तथा प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत बेमेतरा विधानसभा अंतर्गत पिरदा चौक, नगर पंचायत भिंभौरी में ब्लॉक स्तरीय धरना-प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा के अध्यक्ष आशीष छाबड़ा कांग्रेसजनों एवं क्षेत्रवासियों के साथ शामिल हुए और प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ मजबूती से आवाज बुलंद की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए बिजली के बढ़े हुए दाम वापस लेने, स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने तथा आम उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की। विरोध स्वरूप प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया गया। बिजली आम जनता की मूलभूत आवश्यकता है, कोई विलासिता नहीं। प्रदेश सरकार द्वारा लगातार बिजली के दामों में वृद्धि किए जाने से गरीब, किसान, मजदूर, मध्यमवर्गीय परिवारों और छोटे व्यवसायियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता के लिए बिजली के बढ़े हुए बिल दोहरी मार साबित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम उपभोक्ताओं को राहत देने के बजाय नई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई उपभोक्ताओं में अधिक बिजली बिल आने को लेकर असंतोष है। सरकार को उपभोक्ताओं की समस्याओं का निराकरण करना चाहिए तथा बिजली के बढ़े हुए दाम तत्काल वापस लेकर स्मार्ट मीटर के स्थान पर पुराने सामान्य मीटर लगाने की दिशा में निर्णय लेना चाहिए। कांग्रेस का यह आंदोलन किसी राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि आम जनता के हक, अधिकार और आर्थिक हितों की लड़ाई है। कांग्रेस पार्टी हमेशा जनहित के मुद्दों पर जनता के साथ खड़ी रही है। बिजली के बढ़े हुए दाम वापस लेने, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना पुनः लागू करने, स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग को लेकर कांग्रेस का संघर्ष आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि जब तक आम जनता को राहत नहीं मिलती, कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक जनता की आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें
1. बिजली के दामों में की गई बढ़ोतरी तत्काल वापस ली जाए।
2. 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना पुनः शुरू की जाए।
3. सभी उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर तत्काल हटाकर पुराने सामान्य मीटर लगाए जाएं।
4. स्मार्ट मीटर के कारण अधिक आए बिजली बिलों की जांच कर अतिरिक्त वसूली गई राशि उपभोक्ताओं को वापस की जाए।
5. बिजली वितरण व्यवस्था को पारदर्शी, उपभोक्ता हितैषी एवं जवाबदेह बनाया जाए।
6. ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नियमित, निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों ने प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा विरोध स्वरूप पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
इस अवसर पर रवि परगनिहा नेतराम निषाद विवेक राजपूत शुभम वर्मा राजेश दुबे चंद्रविजय धीवर चन्द्रशेखर परगनिहा नवाज खान सीमा टिकरिहा नेहा सुराना रामखिलावन परगनिहा चेतन बंजारे नरेंद्र धीवर चेतन साहू प्रवीण शर्मा निलेश वर्मा राजकुमार सेन गोविंदा राजपूत गुडडु सेन शुभांक परगनिहा सहित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बेरला के पदाधिकारीगण, मंडल अध्यक्षगण, सेवादल, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, अनुसूचित जाति कांग्रेस, अनुसूचित जनजाति कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेसजन तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।