हर घर तिरंगा अभियान के तहत रत्नाबांधा में निकाली गई तिरंगा यात्रा
धमतरी। कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत धमतरी के निर्देशानुसार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत ग्राम पंचायत रत्नाबांधा में तिरंगा यात्रा एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में स्कूली बच्चों सहित ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा ग्राम पंचायत रत्नाबांधा से प्रारंभ होकर गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए निकाली गई। इस दौरान बच्चों एवं ग्रामीणों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। यात्रा के दौरान महापुरुषों एवं राष्ट्रीय गौरव से जुड़े स्थलों पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
ग्राम पंचायत रत्नाबांधा के सरपंच श्री फकीर चंद वर्मा ने कहा कि तिरंगा हमारे देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से ग्रामीणों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने सभी ग्रामीणों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की।
जनपद पंचायत सदस्य श्री कीर्तन मीनपाल ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को देश के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का भाव सिखाते हैं। तिरंगा यात्रा में बच्चों और ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण सहभागिता यह दर्शाती है कि राष्ट्रभक्ति की भावना गांव-गांव में मजबूत है। उन्होंने सभी नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने और स्वतंत्रता दिवस को गौरव एवं उत्साह के साथ मनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधि उपसरपंच दादुलाल यदु, सचिव दधीचि अग्रवाल,टिकेश्वर नेताम,प्राचार्य वेणुका देवांगन,शिक्षकगण मंजू गोस्वामी, ज्ञानेश्वर सिन्हा,वेदराम साहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।