।। प्रेस विज्ञप्ति ।।
*राज्य स्तरीय गतका प्रतियोगिता में रायपुर ओवरऑल चैंपियन*
*16 जिलों के 350 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा—गतका के विकास के लिए राज्य सरकार देगी हरसंभव सहयोग*
रायपुर। माता सुंदरी पब्लिक स्कूल, रायपुर में द गतका एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के तत्वावधान एवं गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया (GFI) की संबद्धता में आयोजित तृतीय सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर गतका राज्य स्तरीय प्रतियोगिता-2026 (महिला एवं पुरुष) का पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि श्री अरुण साव उपमुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अमरजीत सिंह छाबड़ा, राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त एवं चेयरमैन, द गतका एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़, सरदार जोरावर सिंह जी, सदस्य, भारतीय गतका संघ सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे, मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि गतका केवल एक खेल नहीं है, बल्कि यह साहस, आत्मविश्वास, अनुशासन और हमारी गौरवशाली परंपरा से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि जीवन में जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास है, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में गतका खेल को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार हर संभव सहयोग करेगी। प्रदेश के सभी जिलों में गतका के खिलाड़ी तैयार हों, इसके लिए पर्याप्त प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित करने, प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने और प्रशिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में राज्य सरकार ध्यान देगी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों में भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। ऐसे खिलाड़ियों को उचित प्रशिक्षण और मंच उपलब्ध कराकर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
श्री साव ने यह भी कहा कि प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में गतका खेल को मान्यता मिले और विश्वविद्यालय स्तर पर खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध हों, इस दिशा में भी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 16 जिलों से लगभग 357 महिला एवं पुरुष खिलाड़ी, कोच एवं मैनेजर शामिल हुए। विभिन्न आयु एवं वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया
प्रतियोगिता की ओवरऑल चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग में रायपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। बिलासपुर द्वितीय एवं मुंगेली तृतीय स्थान पर रहा।
वहीं बालिका वर्ग में मुंगेली प्रथम, बलौदाबाजार द्वितीय एवं महासमुंद तृतीय स्थान पर रहा।
विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा पदक, पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया
द गतका एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के चेयरमैन एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त अमरजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि इस प्रतियोगिता की सफलता प्रदेश में गतका खेल के बढ़ते विस्तार का प्रमाण है। हमारा लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले में गतका के खिलाड़ी तैयार हों और उन्हें नियमित प्रशिक्षण, प्रशिक्षक एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों।
श्री छाबड़ा ने कहा कि गतका हमारी गौरवशाली परंपरा से जुड़ा हुआ होने के साथ-साथ आज एक अनुशासित और प्रतिस्पर्धात्मक खेल के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश की प्रतिभाओं को राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर उपलब्ध कराने के लिए द गतका एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ निरंतर प्रयास कर रही है।
श्री छाबड़ा ने उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी द्वारा गतका के विकास के लिए राज्य स्तर पर हरसंभव सहयोग के आश्वासन का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार के सहयोग से प्रदेश के सभी जिलों में गतका प्रशिक्षण केंद्र एवं प्रशिक्षकों की व्यवस्था मजबूत की जा सकती है। साथ ही विश्वविद्यालयों में गतका को मान्यता मिलने से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के नए अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल पदक हासिल करना नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, संस्कार, साहस और खेल भावना से परिपूर्ण युवा पीढ़ी तैयार करना भी है।
प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश में गतका खेल को बढ़ावा देना, नई प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना तथा खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।सिक्ख समाज के वरिष्ठ समाजसेवक श्री बलदेव सिंह भाटिया जी ने कहा कि गतका हमारी सिक्ख विरासत, शौर्य और संस्कारों से जुड़ा हुआ पारंपरिक खेल है, जिसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर मिलता है।
समापन समारोह में द गतका एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती सिमरन सिंह, सचिव श्री ख्वाजा अहमद सहित सिक्ख समाज के वरिष्ठजन श्री जगजीत सिंह खनूजा, श्री एस. भामरा, श्री राजवंत सिंह गरेवाल, श्री अमरजीत दुआ, श्री बलदेव सिंह भूई सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। इसके साथ ही विभिन्न गुरुद्वारा कमेटियों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, सिक्ख संगठनों के प्रमुखजन तथा खेल संघों से जुड़े पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि भी समारोह में उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया
प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए द गतका एसोसिएशन ऑफ रायपुर, माता सुंदरी पब्लिक स्कूल, रायपुर एवं गुरुद्वारा गुरु गोबिंद नगर, पंडरी, रायपुर सहित सभी सहयोगी संस्थाओं, तकनीकी अधिकारियों, रेफरी एवं निर्णायक मंडल, कोच, मैनेजर, स्वयंसेवकों तथा प्रतियोगिता को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
समापन समारोह में खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन एवं शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए आयोजकों ने गतका को छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक युवाओं को इस पारंपरिक खेल से जोड़ने का संकल्प दोहराया।