डांस कर, गेम्स खेलकर नौनिहालों ने किया कक्षा में प्रवेश
दल्लीराजहरा! स्थानीय डीएवी विद्यालय के प्राइमरी विंग में आज प्रातः 9:00 बजे कक्षा पहली में प्रवेश प्राप्त बच्चों का प्रवेशोत्सव कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम विद्यालय के प्राचार्य श्री जी. वी. राजशेखर राव ने स्वागत भाषण देकर बच्चों एवं उनके पालकों का स्वागत किया। इसी तारतम्य में उन्होंने पालकों के सवालों का जवाब देते हुए उनका मार्गदर्शन भी किया। उपस्थित पालकों एवं बच्चों को कक्षा पहली की कक्षाचार्या द्वय श्रीमती दीप्ति पटेल एवं सुश्री ऋषु यादव ने भी संबोधित किया।
तत्पश्चात नौनिहालों के लिए रखे गए मनोरंजक खेलों एवं डांस का आयोजन विद्यालय की पीटीआई श्रीमती पूर्णिमा दुबे के निर्देशन में प्रारंभ हुआ। बच्चों ने विविध प्रकार के खेल जैसे— 'कलर आइडेंटिफिकेशन' (रंग पहचानना) और 'रेलगाड़ी' जैसे खेलों का भरपूर आनंद लिया। साथ ही बच्चों ने खेल-खेल में ही "हम सब एक हैं" कविता का गायन पूरे भाव-भंगिमा के साथ किया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न मनोरंजक गानों की धुन पर आकर्षक डांस भी किया। इन सभी कार्यक्रमों का बच्चों ने खूब मज़ा लिया।
इस अवसर पर बच्चों एवं पालकों के लिए स्वल्पाहार (नाश्ते) की भी व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को टॉफियाँ भी बाँटी गईं। प्राचार्य श्री राव ने जानकारी दी कि कक्षा पहली की नियमित कक्षाएं दो जुलाई 2026, गुरुवार से प्रारंभ की जाएंगी।